#MNN@24X7 दरभंगा, मिथिला विभूति एवं मिथिला रत्न सरीखे अनेक विशिष्ट सम्मानोपाधि एवं डाक्टर-कवि नामोपाधि से अलंकृत वरिष्ठ मैथिली सेवी दिनेश झा के निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने शुक्रवार को शोक जताया। विद्यापति सेवा संस्थान के प्रधान कार्यालय परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में केवटी के विधायक डा मुरारी मोहन झा सहित अनेक कवि, गीतकार, साहित्यकार एवं मिथिला-मैथिली आन्दोलन से जुड़े गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर भावपूर्ण स्मरणांजलि दी।

मौके पर महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने अपने शोक संदेश में उन्हें मिलनसार स्वभाव वाला मिथिला-मैथिली के विकास का सच्चा हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि जीवनपर्यंत मिथिला व मैथिली के हितचिंतन में लगे रहने वाले दिनेश झा बहुगुण संपन्न व्यक्तित्व थे। उनके निधन से हमने एक संवेदनशील मैथिली सेवी को समय से पहले खो दिया है।

विधायक डा मुरारी मोहन झा ने उनके संग बिताए क्षणों को याद करते कहा कि मैथिली आंदोलन में दिए अपने संवेदनशील योगदान के लिए वे सदैव याद किए जाएंगे। मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा ने कहा कि अपने कृतित्व एवं व्यक्तित्व के लिए वे सदा अमर रहेंगे। चेतना समिति के पूर्व अध्यक्ष विवेकानंद झा ने कहा कि सरल, सहज एवं सौम्य व्यक्तित्व के धनी दिनेश झा में घमंड का लेस मात्र नहीं था। डा बुचरू पासवान ने उन्हें कर्मनिष्ठ एवं धर्मनिष्ठ होने के साथ-साथ स्नेहिल स्वभाव का प्रतिरूप बताया। प्रो जीवकांत मिश्र ने कहा कि मिथिला मैथिली के विकास में अपने अमूल्य योगदान के लिए वे हमेशा जीवंत बने रहेंगे।

डा अनिल कुमार झा ने कहा कि कवि दिनेश झा मैथिली साहित्य जगत के एक निर्भीक एवं स्वाभिमानी हस्ताक्षर के रूप में हमेशा जीवंत बने रहेंगे। डा दिलीप कुमार झा ने उनकी रचनाओं को भावी पीढ़ी का यथोचित मार्गदर्शन करने वाला बताया। मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने उन्हें पृथक मिथिला राज्य के गठन का प्रबल समर्थक एवं संस्थान का सजग प्रहरी बताते हुए उनकी अप्रकाशित रचनाओं का प्रकाशन संस्थान द्वारा किए जाने का प्रस्ताव रखा। इसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।

उनके निधन पर प्रो विजय कांत झा, विनोद कुमार झा, प्रवीण कुमार झा, प्रो चन्द्रशेखर झा बूढ़ाभाई, दुर्गानंद झा, डा गणेश कांत झा, डा उदय कांत मिश्र, आशीष चौधरी, डा बाबू नंद चौधरी, डा शेष रमण झा, डा चंद्रमोहन झा पड़वा, राम सुभाग चौधरी, राम कुमार झा, केदारनाथ कुमर, डा अजीत कुमार चौधरी, अमरनाथ चौधरी, सुधीर कुमार चौधरी, हरि किशोर चौधरी, डा अरुण सिंह, अरुण कुमार झा, नवल किशोर झा, चौधरी फूलकुमार राय, पंकज कुमार ठाकुर आदि ने भी अपनी भाव स्मरणांजलि अर्पित की। सभा के अंत में दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।