यात्री / नागार्जुन की 112वीं जयंती पर विद्यापति सेवा संस्थान ने अर्पित की भावपूर्ण श्रद्धांजलि

कुलपति ने यात्री-नागार्जुन को समतामूलक समाज निर्माण का प्रबल समर्थक बताया।

#MNN@24X7 दरभंगा, लोक शक्ति के उपासक बाबा नागार्जुन की भूमिका समाज सुधार की दिशा में अत्यंत महत्त्वपूर्ण रही है। वे अपनी दमदार लेखनी से जीवन पर्यन्त वर्चस्ववादी सत्ता के विरुद्ध प्रतिरोध की संस्कृति को समृद्ध करते रहे। उनकी खासियत रही कि जनहित के विरुद्ध काम करने वालों को उन्होंने कभी नहीं बख्सा। उनकी सोच और विचार को दृढ़ संकल्प के साथ साकार किया जाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। ये बातें ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सुरेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को जनकवि बाबा नागार्जुन की 112वीं जयंती पर विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में अपना विचार रखते कही।

अपने संबोधन में उन्होंने यात्री-नागार्जुन को समतामूलक समाज निर्माण का प्रबल समर्थक बताते हुए इस बात पर निराशा जाहिर की कि उनके बाद कलम के किसी सिपाही ने इस दिशा में आवाज बुलंद करने की जहमत नहीं उठाई। मौके पर उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा निकट भविष्य में ही बाबा नागार्जुन के प्रतिमा स्थल का सौन्दर्यीकरण करने एवं इस स्थल को ‘यात्री-नागार्जुन उद्यान’ के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की।

इससे पहले संस्थान के महासचिव डाॅ बैद्यनाथ चौधरी बैजू के साथ विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव (प्रथम) डा कामेश्वर पासवान, केन्द्रीय पुस्तकालय के निदेशक सह पीजी मैथिली विभागाध्यक्ष प्रो दमन कुमार झा, प्रो उदय शंकर मिश्र, चौधरी फूल कुमार राय, प्रो चन्द्र शेखर झा बूढ़ाभाई, प्रवीण कुमार झा, आशीष चौधरी, दुर्गा नन्द झा, विश्वनाथ ठाकुर, प्रो विजय कांत झा आदि ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय परिसर में स्थापित बाबा यात्री-नागार्जुन की प्रतिमा पर फूल-माला अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

मौके पर विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने नागार्जुन जयंती के अवसर पर बाबा यात्री के प्रतिमा स्थल का सौन्दर्यीकरण किए जाने की घोषणा के लिए कुलपति प्रो सुरेन्द्र प्रताप सिंह के प्रति आभार जताते कहा कि यात्री-नागार्जुन ने आमजन के मुक्ति संघर्षों में न सिर्फ रचनात्मक हिस्सेदारी दी, बल्कि स्वयं भी जन संघर्षों में आजीवन सक्रिय रहते हुए प्रगतिशील धारा के कवि एवं कथाकार के रूप में ख्यात हुए। उन्होंने जन कवि के रूप में विश्व विख्यात बाबा नागार्जुन को पद्म पुरस्कारों से अद्यतन वंचित रखे जाने पर निराशा जताते हुए विद्यापति सेवा संस्थान की ओर से भारत सरकार द्वारा उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किए जाने का डिमांड रखा।

प्रो दमन कुमार झा ने कहा कि यात्री-नागार्जुन वास्तव में जनता की व्यापक राजनीतिक आकांक्षा से जुड़े विलक्षण कवि थे। जिनका विभिन्न भाषाओं पर गजब का एकाधिकार था। उनकी रचनाओं में देसी बोली के ठेठ शब्दों से लेकर संस्कृतनिष्ठ शास्त्रीय पदावली तक उनकी भाषा के अनेक स्तर थे। यही कारण रहा कि मैथिली के अलावा हिन्दी, बंगला और संस्कृत में आम जन की आकांक्षाओं के पात्रों को केन्द्र में रखकर उन्होंने बहुत कुछ अलग से लिखा। उन्होंने बाबा नागार्जुन को भारत रत्न सम्मान प्रदान किए जाने की विद्यापति सेवा संस्थान की मांग का समर्थन करते कहा कि सही मायने में यह उनकी ईमानदारी, निष्ठा और काव्य परायणता का सम्मान होगा।

डीआर-वन डाॅ कामेश्वर पासवान ने कहा कि यात्री-नागार्जुन के नाम से विश्व पटल पर विख्यात बैद्यनाथ मिश्र सही अर्थों में भारतीयता की मिट्टी से बने एक ऐसे आधुनिकतम कवि थे, जिन्होंने मातृभाषा मैथिली की माटी से निकलकर हिंदी साहित्य की अभूतपूर्व श्रीवृद्धि की। मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने अपने संबोधन में उन्हें सामाजिक सरोकार को प्राथमिकता देते हुए हमेशा सत्ता की आंख में आंख मिलाकर शब्द-वाण से घायल करने वाले जनकवि के रूप में उल्लेखित किया।

वहीं प्रो चन्द्रशेखर झा बूढ़ाभाई ने कहा कि यात्री-नागार्जुन सही मायने मे जनकवि थे। जिन्होंने न सिर्फ तीखे तेवर वाली कविताएं लिखी, बल्कि स्वयं भी आन्दोलन में सक्रिय रूप से भाग लेकर अभूतपूर्व जन जागरण की मिसाल कायम की। चौधरी फूल कुमार राय ने कहा कि उनकी आलोचना का अपना अलग निराला अंदाज था। मौके पर रामाशीष पासवान, नरेश राम, सुरेश मंडल, नवल किशोर झा, पुरूषोत्तम वत्स आदि की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।