#MNN@24X7 दरभंगा, 30 अगस्त,जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी, दरभंगा राजीव रौशन की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई।
     
बैठक में बताया गया की सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए भूमि का अनापत्ति प्राप्त नहीं हो सका है। इस पर जिलाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता, बुडको, कार्यपालक अभियंता, जल संसाधन, नगर प्रबंधक, अंचलाधिकारी, दरभंगा सदर एवं बहादुपुर को सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण हेतु आवश्यक छः एकड़ भूमि तकनीकी व्यवहार्यता को देखते हुए चिन्हित कर प्रतिवेदित करने हेतु निर्देशित किया गया।
     
बैठक में वार्ड संख्या – 08 में की अंत्योष्टि स्थल निर्माण की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि चहारदीवारी का कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी द्वारा मई 2024 तक सभी कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
    
जिलाधिकारी द्वारा उप विकास आयुक्त एवं वन प्रमण्डल पदाधिकारी को मजलिस खां पोखर के जीर्णोधार हेतु स्थल निरीक्षण करते हुए विस्तृत डी.पी.आर तैयार कर नमामि गंगे मिशन को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया।
    
बैठक में जिला परियोजना पदाधिकारी (नमामि गंगे) द्वारा बताया गया कि जिले के अन्तर्गत नदियों के पर्यावरण प्रदूषण से संरक्षण एवं नियंत्रण हेतु जिले के लिए योजना तैयार किया जाना है।
    
जिलाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को नदी में गिरने वाले नालों की पहचान, नदी में गिरने वाले नालों को नदी में गिरने से पहले जैवोपचारण कार्य, जिले में नदी किनारे के ग्राम पंचायत/ग्राम की पहचान, प्रमुख स्थानों पर घाट निर्माण कार्य, विद्युत शवदाह गृह निर्माण, छोटी नदियों का जीर्णोद्धार कार्य, प्रमुख तालाबों का जीर्णोद्धार कार्य, नदी और उसके नजदीक से ठोस अपशिष्ट को हटाने का कार्य, तालाबों और उसके नजदीक से ठोस अपशिष्ट को हटाने का कार्य, नदियों के संरक्षण के संदेश के साथ घाटों पर होर्डिंग बोर्ड का अधिष्ठापन, नदी को दोनो किनारे पर 10 किलोमीटर तक रसायन मुक्त प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना, नदी तट क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण, नदियों एवं जल स्त्रोतों से संबंधित स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना, नदियों, नदियों/तालाबों के घाटों पर कूड़े दानों का अधिष्ठापान, लुप्त प्राय मछली प्रजातियों का बचाव एवं पालन-पोषण एवं नदी तालाबों के संरक्षण हेतु जन भागीदारी गतिविधियां को शामिल करते हुए योजना तैयार कर प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया।
     
जिलाधिकारी द्वारा विशेष रूप से मृत पशुओं के शव के निपटारे के लिए आवश्यक कार्यवाही करने एवं योजना में शामिल करने हेतु जिला परियोजना पदाधिकारी (नमामि गंगे) को निर्देशित किया गया।उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को ससमय जी.डी.पी.एम.एस. डैश बोर्ड एवं भुवन गंगा एप पर विवरण अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
       
उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त प्रतिभा रानी, वन प्रमण्डल पदाधिकारी रुचि सिंह, जिला योजना पदाधिकारी शक्ति रंजन, जिला परियोजना पदाधिकारी (नमामि गंगे) फारूक इमाम एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण व जिला गंगा समिति नामित के सदस्य नारायण जी चौधरी उपस्थित थे।