#MNN@24X7 दरभंगा, सैनिक स्कूल तिलैया के पूर्व प्रधानाचार्य एवं आर्मी के सेवानिवृत्त कर्मठ कर्नल बी. के. झा का वृहस्पतिवार की देर रात निधन हो गया। 80 वर्षीय श्री झा कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने शनिवार को उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने अपने संदेश में विद्यापति सेवा संस्थान के आजीवन सदस्य रहे दिवंगत पूर्व कर्नल को मिलनसार स्वभाव वाला मिथिला-मैथिली के विकास का हितचिंतक आर्मी मैन बताया। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल, तिलैया के प्रधानाचार्य एवं एनडीए व आईएमए काॅलेज, पंचमढ़ी के प्रीमियम ट्रेनिंग ईस्टैब्लिसमेंट में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे चुके कर्नल बी. के. झा बहुगुण संपन्न व्यक्तित्व थे।

मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा ने कहा कि आर्मी में कर्मठता पूर्वक करीब 35 वर्षों तक अपनी उत्कृष्ट सेवा दे चुके बी. के. झा कर्मठ आर्मी मैन होने के साथ ही कर्तव्यनिष्ठ शिक्षाविद् एवं समाजसेवी थे। अपने कृतित्व एवं व्यक्तित्व के लिए वे हमेशा जीवंत बने रहेंगे।

प्रो जीवकांत मिश्र ने उन्हें मिथिला-मैथिली के विकास के लिए सतत चिंतनशील रहने वाला हितचिंतक बताया। मणिकांत झा ने उन्हें युगद्रष्टा व त्यागी पुरुष बताते हुए कहा कि सेवानिवृत्त होने के बाद मिथिला में शैक्षणिक विकास उनके जीवन का एकमात्र मकसद था। प्रो विजयकांत झा ने उन्हें आर्मी में शैक्षणिक विकास में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने उन्हें संवेदनशील शिक्षाविद् आर्मी बताते हुए कहा कि आर्मी में सेवा देते हुए इस क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाले कर्नल बी. के. झा ने शिक्षा की गुणवत्ता को आजीवन जीवंत बनाये रखा। शोक संवेदना व्यक्त करने वाले अन्य लोगों में महात्मा गाँधी शिक्षण संस्थान के चेयरमैन हीरा कुमार झा, हरिश्चंद्र हरित, डॉ गणेश कांत झा, विनोद कुमार झा, डॉ उदय कांत मिश्र, डॉ महानंद ठाकुर, दुर्गानंद झा, आशीष चौधरी, नवल किशोर झा, पुरुषोत्तम वत्स आदि शामिल थे।