#MNN@24X7 बहेड़ी, शुक्रवार को दरभंगा लोकसभा के बहेड़ी स्थित आईटीआई कॉलेज परिसर में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नौ सफल वर्ष पूर्ण होने के अवसर जनसभा का आयोजन किया गया। जहां कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण और पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी चौबे और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह शामिल हुए।

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा की आजादी के बाद से देश एवं अधिकतर राज्य में अधिकांश समय कांग्रेस का शासन रहा है। परंतु यह लुटेरा पार्टी देश का विकास करने के बजाय देश को लूटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि धन्य है भारत के लोग जिन्होंने 2014 में देश की बागडोर नरेंद्र मोदी के हाथों सौंप कर देश को बर्बाद होने से बचा लिया।

उन्होंने कहा कि आज देश ही नहीं अपितु सम्पूर्ण विश्व नरेंद्र मोदी के आगे नतमस्तक होकर उनके क्षमता को सलाम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में देश में योजना नेताओं के जेब भरने के लिए बनाया जाता था, परंतु जब से देश में नरेंद्र मोदी की सरकार बनी है। भ्रष्टाचारियों का ठिकाना जेल हो गया है। भ्रष्टाचारियों पर हो रहे एक्शन से भ्रष्टाचार की नींव पर खड़ी पार्टी का नींद हराम हो चुका है, सभी विपक्षी पार्टी के नेता खुद को बचाने के लिए एक होने का विफल प्रयास भी कर रहे है। परंतु शायद इन्हें यह मालूम नही है कि नरेंद्र मोदी को देश की जनता का आशीर्वाद प्राप्त है, वह देश की जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग करने वालों से पाई पाई का हिसाब लेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजना से आज देश के सभी जरूरतमंद लाभान्वित हो रहे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राष्ट्र स्तर पर 3 करोड़ परिवारों तथा बिहार में 41 लाख परिवारों को पक्का मकान दिया गया है।वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश भर में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन दिया जा रहा है। 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत 6हजार रुपया सालाना का लाभ दिया जा रहा है।

वहीं बिहार सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में कुल बजट का 76 प्रतिशत पैसा भारत सरकार दे रही है। बिहार के विकास में अधिकतर पैसा केंद्र सरकार द्वारा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी मिथिला के विकास के प्रति काफी गंभीर है,परंतु राज्य के मुखिया नीतीश कुमार के विकास विरोधी नीति के कारण बिहार में कई केंद्रीय परियोजना अटका पड़ा है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार दरभंगा में एम्स, एयरपोर्ट, आईटी पार्क, कचरा निस्तारण प्लांट,विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन, आमस दरभंगा एक्सप्रेस वे सड़क, कई नई रेल लाइन सहित दर्जनों विकास की परियोजना को वर्षों पहले स्वीकृति दे चुकी है,परंतु नीतीश कुमार द्वारा कई परियोजनाओं के लिए जमीन नही दिए जाने के कारण यह धरातल पर नहीं उतर पाया है।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह ने कहा कि मोदी सरकार में भारत सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। 20 शहरों में मेट्रो की सुविधा पहुंच चुकी है। उत्तर बिहार को जोड़ने के लिए गंगा नदी पर कई हाई लेवल ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। कोविड के दौरान दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान के तहत 220 करोड़ से अधिक मुफ्त कोविड वैक्सीन का डोज दिया गया है।

दरभंगा सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि देश नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में विकास के अमृत काल की दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले देश में 74 एयरपोर्ट मौजूद था नरेंद्र मोदी के शासन में यह दोगुना से भी अधिक 152 हो चुका है। वैसे ही 7 एम्स अब बढ़कर 22 एम्स तक पहुंच चुका है, मेडिकल कॉलेज की संख्या 387 से बढ़कर 660 हो चुका है, एमबीबीएस की सीट 51348 से बढ़कर 101148 हो चुका है। उन्होंने कहा कि देश में सभी क्षेत्रों में ऐतिहासिक विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा पुनः नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत हासिल कर केंद्र की सत्ता में तीसरी बार सरकार बनाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शंकरसिंह, कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष बालेन्दु झा बालाजी, धन्यवाद ज्ञापन आईटीआई बहेरी के निदेशक अजय ठाकुर ने किया।

कार्यक्रम के दौरान मधुबनी सांसद अशोक यादव, जिला अध्यक्ष जीवछ साहनी, विधायक संजय सरावगी, मुरारी मोहन झा, रामचंद्र प्रसाद, विधान पार्षद हरि साहनी, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, अर्जुन सहनी, प्रदेश मंत्री धर्मशिला गुप्ता, जिला महामंत्री सुजीत मलिक, ज्योति कृष्ण झा लवली, जनसभा कार्यक्रम के संयोजक संजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह, अश्वनी यादव,अरविंद ठाकुर, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, युवा मोर्चा अध्यक्ष छोटे राजा, मणिकांत मिश्रा,ज्वाला चंद चौधरी, ललित यादव सहित हजारों लोग उपस्थित रहें।