सोनी की जेहने किशोरी मोरी…. और मैथिली की ब्राह्मण बाबू यौ…ने मचाई धूम।

-सृष्टि व नटराज के नृत्य ने श्रोताओं का मोहा मन

#MNN@24X7 दरभंगा, विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित मिथिला विभूति पर्व समारोह के तीसरे दिन सोमवार को सांस्कृतिक संध्या में सोनी चौधरी की गाई जेहने किशोरी मोरी… और जादू भरे नैन…ने जहाँ समां बांधा वहीं मैथिली ठाकुर के गाये ब्राह्मण बाबू यौ ने दर्शकों को मदहोश कर दिया।

समारोह में मैथिली ठाकुर और सोनी चौधरी को सुनने के लिए दर्शकों का हुजूम उमड़ पड़ा। हालांकि, शान्ति व्यवस्था बनाएं रखने के लिए काफी संख्या में पुलिस प्रशासन मुस्तैद थे। आयोजन स्थल एमएलएसएम कालेज में जनता उमड़ पड़ी। मंच पर संगीत और नृत्य कार्यक्रमों ने सबका मन मोह लिया। लेजर लाइट से पूरा परिसर रंगबिरंग रंगों में डूब गया। लोगों का उत्साह देखते बन रहा था।

लोकप्रिय गायिक मैथिली ठाकुर ने अपनी गायकी से जमकर शमा बांधा। उनके गाने को दर्शकों ने खूब सुना और सराहा। मैथिली ठाकुर ने जखन राघव लला छथि सहाय, ब्राह्मण बाबू यौ और ए पहुना एहि मिथिला में रहू ना सहित अनेक मैथिली गीतों के माध्यम से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सोनी चौधरी ने अपने चिर परिजित अंदाज में लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए गाना गाया। उन्होंने जेहने किशोरी मोरी… और जादू भरे नैना जैसे पारंपरिक मैथिली गीतों को गाकर लोगों का खूब मनोरंजन किया। लोग गाने के बोल पर थिरकने लगे।

सृष्टि फाउंडेशन और नटराज डांस एकेडमी के कलाकारों के नृत्य ने श्रोताओं का मन मोह लिया। कमलाकांत झा व मणिकांत झा ने अपने मंच संचालन से जमकर दर्शकों का दिल जीता। इसके साथ ही कुंज बिहारी मिश्र, रामकृष्ण झा, सौम्या, विकास झा, माधव राय, पूनम मिश्रा, जूली झा, रचना झा, पूजा सिंह, रामबाबू झा, खुशबू मिश्रा, नीरज कुमार झा, दीपक कुमार झा व अन्य कलाकारों के गानों पर देर रात तक दर्शक थिरकते रहे।