Breaking News

#MNN24X7 समस्तीपुर/दरभंगा, संवाददाता: ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (पूसा) समस्तीपुर एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त पूर्वानुमान के अनुसार 08 से 12 अप्रैल 2026 के बीच उत्तर बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस अवधि में आसमान में गरज वाले बादल बनने की संभावना है, जिससे 9 और 10 अप्रैल के आसपास अधिकांश जिलों के कई स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि वर्षा के दौरान तेज हवा चलने के साथ-साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे किसानों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। खासकर फसलों की सुरक्षा को लेकर एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गई है।

पूर्वानुमान के अनुसार, इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। वहीं, सामान्य दिनों में पूर्वा हवा 4 से 8 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने का अनुमान है, जबकि 9-10 अप्रैल को वर्षा के दौरान हवा की गति बढ़कर 22 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

इसके अलावा, सापेक्ष आर्द्रता सुबह के समय 50 से 55 प्रतिशत तथा दोपहर में 20 से 25 प्रतिशत रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों एवं आम लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है, ताकि किसी भी संभावित नुकसान से बचा जा सके।