Breaking News


उमरिया। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से तेज बहाव में डूबने की दूसरी घटना सामने आई है। चंदिया क्षेत्र के करहिया गांव स्थित महानदी डैम में नहाने गया पुलिस का जवान प्रीतम लोधी उम्र 25 वर्ष डूब गया है। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से मौके पर मौजूद राज्य आपदा प्रबंधन की टीम भी रेस्क्यू नहीं कर पा रही है आरक्षक पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ था वह किस वजह से गांव गया था यह पता नही चल पा रहा है।

कर रहा था स्टंट, बनवा रहा था वीडियो।

पुलिस जवान के नदी में बहने का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में साफ़ दिखाई पड़ रहा है कि जवान स्टंट कर रहा था और अपने स्टंट का वीडियो बनवा रहा था। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पुलिस का जवान नदी के बीच में बने डैम के ऊपर चहलकदमी कर रहा है। इसके बाद वह तेज धारा में छलांग लगा देता है। छलांग लगाने के काफी देर बाद तक पुलिस का जवान दिखाई नहीं पड़ता, लेकिन कुछ क्षण बाद ही वह दो तीन बार ऊपर नीचे होता हुआ दिखाई देता है और उसके पश्चात उसका कहीं पता नहीं चलता।

तरह-तरह की चर्चा।

शुरू में इस मामले को लेकर यह बात सामने आई थी कि पुलिस के जवान ने नदी में कूदकर आत्महत्या की है। लेकिन जिस तरह से वीडियो तैयार कराया गया है उसे देखकर नहीं लगता कि पुलिस के जवान ने आत्महत्या की है। वीडियो से साफ समझ में आ रहा है कि वह स्टंट करने के लिए नदी में गया था और इस तरह उसने अपनी जान गवा दी है। हालांकि अभी तक जवान का शव मिला नहीं है लेकिन गोताखोर और अन्य लोग उसे तलाशने में जुटे हुए हैं।

पानी कम होने का इंतजार।

राज्य आपदा प्रबंधन की टीम बारिश कम होने का इंतजार कर रही है,बता दें जिले में दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है जिसमे तेज बहाव की चपेट अब तक दो जिंदगियां आ चुकी है दूसरी घटना जिला मुख्यालय से लगे ग्राम धनवाही में हुई है जहां 10 वर्षीय मासूम गांव के समीप से ही गुजरने वाले नारसरहा नाले में मछली मारने के दौरान बह गया है यहां भी रेस्क्यू ऑपरेशन को अभी तक सफलता नही मिली है।