Breaking News

बिहार की वर्तमान स्थिति अघोषित आपातकाल से कम नहीं : सरावगी

#MNN@24X7 दरभंगा। ज़िला भाजपा द्वारा बिहार सरकार के विरोध में आयोजित धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि बिहार की वर्तमान स्थिति अघोषित आपातकाल से कम नहीं है। करप्शन और कुशासन का गठजोड़ आम जनता लिए त्रासदी साबित हो रहा है।13 जुलाई को पटना की सड़कों पर नीतीश-तेजस्वी के पुलिसिया गुंडों का दमनात्मक कारवाई बिहार के लोकतंत्र का शर्मनाक अध्याय के रूप में दर्ज होगा। पुलिस प्रशासन के हिंसात्मक लाठीचार्ज से भाजपा कार्यकर्ता विजय सिंह की मौत हुई, हज़ारों कार्यकर्ता घायल हुए एवं सैकड़ों इलाजरत हैं। नीतीश तेजस्वी को इसका हिसाब बिहार की जनता को देना होगा।

विधायक संजय सरावगी ने कहा कि बिहार सरकार को लज्जा आनी चाहिए। महिला कार्यकर्ता को भी लाठी से पिटवाया गया, जिसमें हमारी दरभंगा नगर की नेत्री मीना झा गंभीर रूप से घायल अवस्था में पीएमसीएच में इलाजरत है। शांतिपूर्ण मार्च में शामिल भाजपा के सांसद, विधायक समेत भाजपा के शीर्ष नेता भी अलोकतांत्रिक रूप से पुलिस प्रशासन के लाठी के शिकार हुए हैं। हज़ारों कार्यकर्ताओं पर हिंसात्मक लाठीचार्ज हुआ। वाटर कैनेन और आँसू गैस का प्रहार किया गया। इस अत्याचार का जवाब सीएम नीतीश कुमार से जनता माँगेगी। बिहार की जनता इस अत्याचार का बदला लेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार के अत्याचारों से हम डरने वाले नहीं है। पहली कैबिनेट में 10 लाख सरकारी नौकरी वादा करने वाले जब सत्ता में आये तो नौकरी के बदले युवाओं पर लाठी बरसा रहे हैं। विधायक ने कहा कि चार्जशीटेड उपमुख्यमंत्री के इस्तीफे, नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने, वित्त रहितकर्मी का वेतन बढ़ाने, बिहार के युवाओं को नौकरी के नाम पर ठगने के विरोध में एवं शिक्षकों, नौजवानों, किसानों और महिलाओं की अधिकार के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक सिपाही अंतिम दम तक संघर्ष करेंगे। हिंसा, लाठी-डंडे और झूठे एफआईआर के बल पर महाठगबंधन की सरकार विपक्ष की आवाज को दबा नहीं पाएगी।

नगर विधायक संजय सरावगी ने भाजपा कार्यकर्ता विजय सिंह के तस्वीर पर पुष्प अर्पित एवं मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भाजपा के मजबूत सिपाही का बलिदान व्यर्थ नहीं जायेगा।