दरभंगा: चर्चित मशरूम किसान वंदना झा ने मशरूम एवं विभिन्न प्रकार के घरेलू उत्पादों को बनाने वाली महिलाओं को प्रशिक्षण देने के साथ साथ अब तकनीकी रुप से भी दक्ष करने की जिम्मेवारी उठायी है। मंगलवार को अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने अपनी टीम की महिलाओं के साथ बैठक कर उन्हें सोशल मीडिया को उत्पाद के प्रचार का माध्यम बनाने का प्रशिक्षण भी दिया।

बहादुरपुर प्रखंड के ओझोल स्थित अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिलाओं को तकनीकी दक्षता एवं सोशल मीडिया के उपयोग के सम्बंध में जानकारी दी। साथ ही उत्पादों के प्रचार के तरीक़े भी बताये।

इस संबंध में जानकारी देते हुए वन्दना झा ने बताया कि उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को मशरूम की खेती के साथ साथ अगरबत्ती, मसाले, पापड़, आचार, अदौड़ी आदि कई प्रकार के उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण दिया और महिलाएं अच्छे उत्पाद बनाती हैं। पर बाजार उपलब्ध नहीं होने के कारण बिक्री कुछ खास नहीं हो पाती है। बड़ी कंपनियों की तरह प्रचार प्रसार में पूंजी लगाने की स्थिति इन महिलाओं की नहीं है। ऐसे में सोशल मीडिया को प्रचार का माध्यम बनाकर महिलाओं को बाजार उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बहुत सी महिलाएं अनपढ़ भी हैं जिनके लिए सोशल मीडिया का उपयोग कठिन है। ऐसी महिलाओं के परिवार के पढ़े लिखे सदस्यों का सहारा लिया जाएगा। साथ ही सहकर्मी महिला भी एक दूसरे की मदद करेंगी।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए इस योजना की शुरुआत की गयी है। पहले चरण में समूह की अग्रणी महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसके बाद प्रशिक्षित महिलाएं अन्य महिलाओं को प्रशिक्षित करेंगी।

कार्यक्रम के दौरान रचना भारद्वाज, मुन्नी देवी, कामिनी देवी, पूनम देवी, मंजू देवी एवं काजल देवी आदि उपस्थित थी।