दरभंगा नगर निगम ने एक बार फिर महिलाओं के उत्थान, प्रगति, सहभागिता की योजना के तहत दरभंगा नगर निगम ने घर के कचड़े के कलेक्शन की कमान में महिलाओं की भागेदारी की दिशा में एक नया कदम बढ़ाया है।
गुरुवार 1 सितंबर से प्रयोग के रूप में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को घर से सूखा और गीला अलग-अलग कचरा कलेक्शन के लिए गाड़ी के साथ नगर आयुक्त कुमार गौरव ने रवाना किया। महिलाओं के हाथ में कचड़ा कलेक्शन का कमान आगे देने की योजना में यह एक बड़ा कदम बताया जा रहा है।
अभी 2 माह पहले महिलाओं के लिए जिम (व्यायामशाला) की शुरुआत दरभंगा नगर निगम के वार्ड नंबर 21 के हरिबोल पार्क में हुई है, जो बिहार का इकलौता महिलाओं के लिए जिम है। उसी तरह दरभंगा नगर निगम महिलाओं के द्वारा घर-घर कचरा कलेक्शन करने वाला सूबे का पहला नगर निकाय बन गया है। हालांकि अभी इसे मात्र 3 वार्ड में प्रयोग के रूप में शुरू किया गया है। नगर आयुक्त कुमार गौरव ने बताया कि सब कुछ ठीक ठाक रहा तो जल्द ही इसे पूरे दरभंगा नगर निगम में लागू की योजना है। उन्होंने कहा कि अगर कर्मियों के साथ आमलोग और जनप्रतिनिधियों का सहयोग रहा तो यह कार्य, पहल सूबे में एक नज़ीर बन सकता है।
एक सादे समारोह में आज सुबह नगर आयुक्त कुमार गौरव ने कचड़ा कलेक्शन हेतु एक दर्ज़न हाथ गाड़ी को दो दर्जन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ रवाना किया।
वार्ड नंबर 10, वार्ड नंबर 20 एवं वार्ड नंबर 21 में महिलाओं को इसकी जिम्मेवारी दी गई है। यह सभी महिलाओं को पहले प्रशिक्षित किया गया है। ये स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं हैं, जो घर में महिलाओं को विशेष रूप से समझा कर उनके घर का गिला और सूखा कचरा अलग अलग कर देने हेतु प्रेरित करेगी, उन्हें समझाएगी भी और फिर हरे और नीले रंग के डस्टबीन से कचड़ा कलेक्शन करेगी, जिससे गीले कचरे से खाद इत्यादि का निर्माण किया जा रहा है उसमें प्रगति होगी तथा जो कड़ा कचड़ा है, उसे अलग कर उसे नष्ट कर दूसरे उपयोग में लाया जाएगा।
प्रायोगिक चरण में वार्ड नंबर 10, वार्ड नंबर 20, वार्ड नंबर 21 में कुल 12 हाथ गाड़ी लेकर 24 महिलाएं रवाना हुई।
दरभंगा नगर निगम कार्यालय के परिसर में इस योजना का उदघाटन नगर आयुक्त कुमार गौरव ने किया। इस मौके पर उप नगर आयुक्त, सिटी मैनजर सहित कई निगम कर्मी मौजूद थे।
नगर आयुक्त कुमार गौरव ने स्वयं कुछ दूर जाकर घर-घर कचड़ा कलेक्शन की स्थिति को देखा और जहां कमियां थी, उसे समझाया।
नगर आयुक्त ने बताया कि धीरे-धीरे इसे पूरे शहर में लागू करने की योजना है। सर्वप्रथम 3 वार्ड में, जो नगर निगम का नजदीकी वार्ड है, लागू कर इसकी समीक्षा की जाएगी तथा इसमें जहां कमियां होगी, उसमें सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में पूर्व के सफाई सिस्टम में बिना बदलाव के यह अतिरिक्त प्रयोग है। अभी बिहार सहित देश के कई विकसित नगर निगम में महिलाओं द्वारा यह कार्य किया जा रहा है, जिसकी समीक्षा कर अपना संशाधन देख प्रारंभिक चरण में इसी अनुरूप दरभंगा नगर निगम की यह योजना है।
महिलाओं को पूरे अलग परिधान, जैकेट, एप्रोन, ग्लोबस, टोपी, मास्क के साथ कार्य हेतु रवाना किया गया। यह काफी आकर्षक लग रहा था।