दरभंगा, 04 जुलाई 2022 :- दरभंगा, समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेदकर सभागार में जिलाधिकारी राजीव रौशन की अध्यक्षता में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट को लेकर बैठक आयोजित की गयी।
 
जिलाधिकारी ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के अन्तर्गत मखाना एवं मखाना उत्पाद जिले के मुख्य स्थलों पर दिखनी चाहिए। साथ ही मधुबनी पेंटिग को भी इससे जोड़ा जाए।
 
उन्होंने दरभंगा हवाई अड्डा, रेलवे प्लेटफॉर्म, जिला निबंधन कार्यालय, समाहरणालय परिसर, सभी अनुमण्डल कार्यालय, सभी अंचल कार्यालय, सभी बस स्टैण्ड पर उच्च गुणवत्ता वाले मखाना उत्पाद का स्टॉल लगवाने हेतु स्थल चिन्ह्ति करने तथा उस स्थल के लिए उपयुक्त उत्पादक व संस्था का चयन करने हेतु एक 04 सदस्यी समिति बनाने का निर्देश दिया।
 
उन्होंने कहा कि दरभंगा हवाई अड्डा को ए ग्रेड में तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड, निबंधन कार्यालय, समाहरणालय को बी ग्रेड एवं अनुमण्डल तथा अंचल कार्यालय को सी ग्रेड में विभक्त करते हुए तदनुसार विक्रेता संस्था का चयन किया जाए।
 
उन्होंने कहा कि ऐसी संस्था को स्टॉल आवंटित किया जाए, जो निरंतर उत्पाद की गुणवत्ता बनाये रख सके। साथ ही अच्छी पैकेजिंग कर सके।
 
जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न प्रकार के मखाना एवं मखाना उत्पाद में फ्लेवर्ड मखाना, सादा मखाना, मखाना खीर इत्यादि भी शामिल किया जा सकता है और ये सभी 150 से 200 ग्राम की मात्रा में रखा जाए।
 
जीविका को उन्होंने कहा कि यदि कोई स्वंय सहायता समूह कहीं स्टॉल लगाना चाहे, तो वे भी लगा सकते हैं।
 
बैठक में उप विकास आयुक्त अम्रिषा बैंस, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आई.सी.डी.एस), महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, जिला कृषि पदाधिकारी, डी.पी.एम. (जीविका),  प्रबंध निदेशक (आत्मा), सहायक नोडल, (आई.टी.सेल) पूजा चौधरी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।