पूर्वी चंपारण। पीपराकोठी, मोतिहारी अवस्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में पिछले 09 दिनों से चल रहे एक भारत, श्रेष्ठ भारत एन.सी.सी. कैंप की गतिविधियां सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक द्वारा विजेता एनसीसी कैंडिडेट को मेडल प्रदान किया गया।
इस कार्यक्रम में देश के अलग अलग राज्यों से आए कैडेटों ने अपनी अपनी बहुरंगी संस्कृतियों की छटा बिखेर कर लोगों को अनेक सांस्कृतिक रसों से सराबोर कर दिया। हिमाचल प्रदेश से आए कैडेटों ने जहां हिमाचली संस्कृति का परिचय कराया वहीं पंजाब और हरियाणा के कैडेटों ने प्रसिद्ध भांगड़ा और हरियाणवी नृत्य और गीतों की प्रस्तुति द्वारा दर्शकों का मन मोह लिया।
बिहार राज्य के लोकपर्व छठ की जीवंत प्रस्तुति से लोग भावविभोर हो उठे तो झारखंड राज्य से आए कैडेटों ने आदिवासी नृत्य की मोहक प्रस्तुति द्वारा अपने राज्य की संस्कृति से दर्शकों को परिचित कराया। पूरा विद्यालय परिसर ढोल, डफ, नगाड़ों और पायल के समवेत स्वरों तथा कैडेटों के जोश, जुनून और उत्साह का गवाह बना।
कैंप को हर तरह से सफलता प्रदान करने में ग्रुप कमांडर, मुजफ्फरपुर एन.सी.सी.ग्रुप मुख्यालय, कैंप कमांडेंट कर्नल चंद्रजीत सिंह मेहरा, डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल राकेश शर्मा, मेजर (डॉ.) रजी इमाम, सूबेदार तूल बहादुर राम जल मगर, बी. एच. एम.वीर बहादुर, सिविल स्टाफ लालबाबू राय, वेदप्रकाश आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।