दरभंगा। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं स्वामी विवेकानंद जी की तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया
इस अवसर पर अपने संबोधन में जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जिस प्रकार से हमारे जीवन में एकेडमी शिक्षा का महत्व है उसी प्रकार हमें अपने जीवन में कला का भी महत्व है। शैक्षणिक शिक्षा के अलावा विभिन्न प्रकार की कलात्मक योग्यता आपको जीवन में हमेशा सफलता पाने में महत्वपूर्ण योगदान करती है।
वहीं निर्णायक मंडली के सदस्य के रूप में उपस्थित नटराज डांस एकेडमी के संस्थापक मोहित खंडेलवाल ने कहा कि हर कोई इस बात से परिचित है कि भारत एक महान सांस्कृतिक विविधता से संपन्न देश है। इसके बावजूद लोग देश में शांति और सद्भाव से मिलजुलकर रहते हैं। यह हमारी सदियों पुरानी विभिन्न संस्कृतियों के कारण ही संभव है जो हमें मानवता सिखाती है। बुजुर्गों के प्रति सम्मान, बड़ों का आदर और प्रेम और आपस में एकता सिखाती हैं। भारत में रहने वाले लोगों को दूसरे धर्मों के लोगों से नफ़रत नहीं है बल्कि वे उनकी संस्कृतियों और परंपराओं का पालन करते है और उन के धर्मों और लोगों का सम्मान करते हैं।
वहीं निर्णायक मंडल के सदस्य डा० ममता रानी ठाकुर ने कहा कि वर्तमान के तनावपूर्ण जीवन में जहां नृत्य, वादन,गायन एवं नाटक शांति व शौम्यता प्रदान करता है वहीं एक दूसरे जाति एवं धर्म को भी जोड़ने का काम करती है।
वहीं निर्णायक सदस्य हीरा कुमार झा ने कहा कि इस प्रकार के निरंतर आयोजनों से समाज के निचले स्तर के प्रतिभा को निखरने का अवसर प्राप्त होगा।
आज के इस कार्यक्रम में समूह नृत्य,एकल नृत्य,नुक्कड़ नाटक,कविता,गायन,समूह गायन तथा मिथिला पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें नुक्कड़ नाटक में प्रथम विशाल एंड टीम तथा द्वितीय अमन झा एंड टीम ने,कविता में प्रथम रोहन द्वितीय अमित शुक्ला ने एकल गायन में प्रथम नीलांबर ठाकुर द्वितीय शिवम कुमार पोद्दार ने, समूह गायन में प्रथम मोहित एंड टीम तथा द्वितीय स्थान सुमन कुमार एंड टीम, मिथिला पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम संगीता कुमारी एवं द्वितीय प्रियंका कुमारी,एकल नृत्य में प्रथम निराला एवं द्वितीय अपर्णा तथा समूह नृत्य में प्रथम स्थान टीम निराला ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवक नंदन कुमार एवं धन्यवाद ज्ञापन ज्ञान रंजन चौधरी ने किया।
कार्यक्रम में चयन समिति सदस्य संजीव शाह,लेखापाल सोहैल जफर सहित कई प्रतिभागी उपस्थित थे।
25 Feb 2022