#MNN@24X7 आजमगढ़, कई कहान‍ियां ऐसी होती है ज‍िसे पढ़ने और सुनने पर अंदर तक ह‍िला देती हैं।ऐसी ही कहानी एक दूल्‍हे की है जो 29 साल का है और 67 साल की दुल्‍हन से शादी नहीं, बल्‍क‍ि पुनर्व‍िवाह करने जा रहा है।अब आप लोग सोच रहेंगे होंगे क‍ि ऐसा क्‍यों।अगर वह 29 साल की उम्र में दोबारा शादी करने जा रहा है तो उसकी पहली शादी क‍ितने साल में हुई थी। इस शादी में हैरान करने वाली बात यह है क‍ि शादी में दोनों के बेटा-बेटी, बहू के अलावा नाती-पोते भी शाम‍िल होंगे।यह जानकार तो आप लोग सच में असमंजस में पड़ गए होंगे क‍ि असल में इस द‍िलचस्‍प कहानी में उम्र का क्‍या खेल है।

एक शादी,ज‍िसमें बच्‍चे अपने मां-बाप की शादी में शाम‍िल होंगे और यह व‍िवाह नहीं बल्‍क‍ि पुनर्व‍िवाह है।यह पुनर्व‍िवाह उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में हो रहा है और इस शादी के दूल्‍हे लाल ब‍िहारी की कहानी आपने पहले भी कई बार कई सुनी होगी।लाल ब‍िहारी बहुत सालों तक मृतक रहने के बाद कागजों में ज‍िंदा हुए हैं।यह कहानी है आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अमिलो गांव निवासी लाल बिहारी की है।लाल बिहारी 30 जुलाई 1976 से लेकर 30 जून 1994 तक सरकारी अभिलेखों में मृत रहे।लंबी लड़ाई के बाद प्रशासन ने जून 1994 को लाल बिहारी के अस्तित्व को स्वीकार कर जीवित घोषित कर दिया,लेकिन प्रशासन ने लाल बिहारी के मृत होने की फाइल ही गायब कर दी। लाल बिहारी के ऊपर फिल्म बन चुकी है, जिसका निर्देशन सतीश कौशिक ने किया था।

लाल बिहारी ने खुद काे जिंदा साबित करने के लिए सितंबर 1986 में विधानसभा में कागज के गोले फेंके। साल 1988 में पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह और कांशीराम के खिलाफ लाल बिहारी ने प्रयागराज से उपचुनाव लड़ा।साल 1989 में पूर्व प्रधान मंत्री राजीव गांधी के खिलाफ लाल बिहारी ने लोकसभा का चुनाव लड़ा, लेकिन न्याय नहीं मिला।लाल बिहारी ने अपने भतीजे का अपहरण तक किया ताकि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।लंबे संघर्ष के बाद लाल बिहारी मृतक अभिलेखों में जिंदा हो गए।लाल बिहारी ने मृतक संघ बनाकर दस्तावेजों में मृत घोषित हो चुके लोगों को जिंदा कराने का संकल्प लिया।अब तक लगभग 1000 से अधिक लोगों को लाल बिहारी कागज में जिंदा करा चुके हैं। लाल बिहारी ने लगभग 47 साल की लंबी लड़ाई लड़ी।

लाल बिहारी की उम्र 69 की हो चुकी है लेकिन वह अपनी उम्र तब से जोड़ रहे जब से प्रशासन ने उन्हें कागजों में दोबारा जिंदा किया है।अब लाल बिहारी अपनी उम्र 29 साल बता रहे हैं। लाल बिहारी एक बार फिर से अपनी ही 67 साल की पत्नी से पुनर्विवाह करने जा रहे हैं।इसे लेकर चर्चाओं का बाजार पूरी तरह से गर्म है. हालांकि पुनर्विवाह करने के लिए स्थान चयन को लेकर मंथन किया जा रहा है।।

सौ स्वराज सवेरा