#MNN24X7 दरभंगा। आकाशवाणी के निकट स्थित बहुद्देशीय भवन में गुरुवार को ‘अष्टदल’ महोत्सव के छठे दिन कथा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता नारायण चौधरी एवं ऑल इंडिया रेडियो के कार्यक्रम अधिशाषी मितेश मिश्रा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में वेद प्रकाश, प्रकाश बंधु, श्याम भास्कर सहित कई कलाकार उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के सम्मान के साथ हुई। इसके बाद कथा पाठ सत्र आरंभ हुआ, जिसमें कमलेंद्र चक्रपाणि ने अपनी स्वरचित कथाएं ‘श्राद्ध’, ‘डोम’ एवं ‘स्नेह’ का प्रभावशाली वाचन किया। वहीं आशुतोष मिश्रा ने मैथिली कथा ‘राम भऽ जेनाइ’ का पाठ कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में कलाकारों को स्मृति चिह्न एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक एवं ‘दि स्पॉटलाईट थिएटर’ के संचालक सागर सिंह ने बताया कि विश्व रंगमंच दिवस से हिंदी रंगमंच दिवस तक चलने वाले इस आठ दिवसीय महोत्सव का यह छठा दिन था।
उन्होंने जानकारी दी कि गुरुवार को संध्या 6 बजे किलकारी बिहार बाल भवन, दरभंगा द्वारा ‘गोनू झा’ नाटक का मंचन किया जाएगा। वहीं महोत्सव के अंतिम दिन ‘द स्ट्रगलर्स, पटना’ की ओर से ‘गज फुट इंच’ नाटक का मंचन बिहार सरकार से सम्मानित निर्देशक रोशन कुमार के निर्देशन में होगा।
सागर सिंह ने बताया कि इस महोत्सव में देशभर के ख्यातिप्राप्त कलाकारों की सहभागिता हो रही है। आयोजन के सफल संचालन में अमन सिंह, नेहा कुमारी, हर्षित कुमार, आर्यन, विशाल, किसुन, संध्या, नीलेश, साहिल सहित अन्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान शहर के गणमान्य नागरिक, मीडियाकर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
