#MNN24X7 दरभंगा। आकाशवाणी के निकट स्थित बहुद्देशीय भवन में आयोजित ‘अष्टदल’ महोत्सव के सातवें दिन शुक्रवार को भव्य नाट्य मंचन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन द स्पॉटलाइट थिएटर और द स्ट्रगलर्स, पटना के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किलकारी, बिहार बाल भवन के प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक रविभूषण मुकुल थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में वेद प्रकाश, प्रकाश बंधु, श्याम भास्कर, हेमेंद्र कुमार लाभ सहित कई कलाकार और रंगकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद नाट्य मंचन आरंभ हुआ।

किलकारी, दरभंगा के बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नाटक में कुल 35 बच्चों ने भाग लिया। गोनू झा की भूमिका में अभिनव राजा ने अपने अभिनय से विशेष छाप छोड़ी। वहीं चोर सूत्रधार के रूप में श्रेयश भारद्वाज और पत्नी की भूमिका में वैष्णवी ने भी सराहनीय अभिनय किया। अन्य कलाकारों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।
नाटक का निर्देशन रविभूषण मुकुल ने किया, जबकि सहायक निर्देशक कमलेंद्र चक्रपाणि और प्रस्तुति प्रभारी अमित कुमार शर्मा थे। कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों को स्मृति चिह्न एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं द स्पॉटलाइट थिएटर के संचालक सागर सिंह ने बताया कि विश्व रंगमंच दिवस से हिंदी रंगमंच दिवस तक चलने वाले आठ दिवसीय अष्टदल महोत्सव का यह सातवां दिन था। उन्होंने जानकारी दी कि शुक्रवार को शाम 6 बजे सह-प्रस्तोता द स्ट्रगलर्स, पटना द्वारा नाटक ‘गज, फुट, इंच’ का मंचन किया जाएगा, जिसका निर्देशन बिहार सरकार से सम्मानित निर्देशक रोशन कुमार करेंगे। इसके साथ ही महोत्सव के समापन की घोषणा भी की जाएगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन में अमन सिंह, नेहा कुमारी, हर्षित कुमार, आर्यन, विशाल, किसुन, संध्या, नीलेश और साहिल सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, मीडियाकर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
