#MNN24X7 दरभंगा, 14 मार्च, आज प्रेक्षागृह, दरभंगा में जिला पदाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार की अध्यक्षता में पैक्स अध्यक्षों, प्रबंधकों एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के लिए “व्यावसायिक विविधीकरण एवं उद्यमशीलता का विकास” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी अपने कर कमलों से दीप प्रज्ज्वलित कर किये।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सहकारिता व्यवस्था किसानों के सशक्तिकरण का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने सभी पैक्स अध्यक्षों एवं प्रबंधकों से अपील किया कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जिला के सभी किसानों तक पहुँचाना सुनिश्चित करें, ताकि किसान इन योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आय दोगुनी कर सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में व्यावसायिक , विविधीकरण और उद्यमशीलता को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। इसके माध्यम से किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक कृषि उपकरणों और योजनाओं का लाभ उठाकर उत्पादन तथा आय दोनों बढ़ा सकते हैं।
कार्यशाला के दौरान सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना, बिहार राज्य फसल सहायता योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी प्रतिभागियों को दी गई।
विशेषज्ञों द्वारा इन योजनाओं के उद्देश्य, लाभ, पात्रता तथा आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
उन्होंने सभी पैक्स अध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि धान अधिप्राप्ति कार्य को समय पर एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में गेहूं की अधिप्राप्ति को भी और अधिक गति प्रदान की जाएगी, जिसके लिए अभी से आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की जाएँ।
कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को सहकारिता क्षेत्र में नए अवसरों, व्यवसायिक विस्तार तथा किसानों के हित में प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर सहकारिता विभाग के अधिकारी, पैक्स अध्यक्ष, प्रबंधक, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
