#MNN24X7 दरभंगा, 31 अक्टूबर, एम.एम.टी.एम. कॉलेज, दरभंगा में शुक्रवार को मैथिली विभाग के सहायक प्राध्यापक प्रो. चंद्र मोहन झा एवं जन्तु विज्ञान प्रयोगशाला प्रभारी मीणा कुमारी के सेवानिवृत्ति अवसर पर सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. उदय कांत मिश्र ने की।

इस अवसर पर महाविद्यालय के संस्थापक सचिव डॉ. वैद्यनाथ चौधरी, वर्तमान सचिव डॉ. राम सुदिष्ट चौधरी एवं प्रधानाचार्य डॉ. मिश्र ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों को पाग और चादर ओढ़ाकर सम्मानित किया।
डॉ. वैद्यनाथ चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रो. चंद्र मोहन झा सदैव मिथिला और मैथिली भाषा के उन्नयन के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने उनके सेवाकाल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, डॉ. राम सुदिष्ट चौधरी ने प्रो. झा को एक योग्य और प्रेरक शिक्षक बताया तथा आशा व्यक्त की कि महाविद्यालय को आगे भी उनके अनुभव का लाभ मिलता रहेगा। उन्होंने दोनों कर्मियों के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की शुभकामना दी।
प्रधानाचार्य डॉ. उदय कांत मिश्र ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि प्रो. झा न केवल एक शिक्षक हैं, बल्कि एक प्रतिष्ठित साहित्यकार और कवि भी हैं, जो मैथिली रंगमंचों पर अपनी कविताओं का प्रभावशाली पाठ करते रहे हैं। उन्होंने दोनों कर्मियों के सुखद एवं शांतिपूर्ण जीवन की शुभकामना की।
समारोह का संचालन डॉ. राज किशोर झा ने किया। उन्होंने कहा कि प्रो. झा मैथिली जगत में एक सम्माननीय कवि के रूप में जाने जाते हैं और उनकी प्रसिद्ध रचना ‘मधुशाला’ का मैथिली अनुवाद साहित्य जगत में अत्यंत चर्चित है।
कार्यक्रम में डॉ. राम सुभग चौधरी, डॉ. परमानंद झा, टुनटुन प्रसाद राय, रामकलित झा, प्रवीण कुमार झा, आशुतोष कुमार झा, चंद्रशेखर झा, अंजनी कुमार चौधरी, हरि किशोर चौधरी, प्रियंका कुमारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षाकर्मी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन महेश कुमार चौधरी ने किया।
