लहेरियासराय टावर एवं लोहिया चौक पर जनजागरूकता अभियान, कबीलपुर घाट पर 700 से अधिक दीपों से जगमगाया वातावरण

#MNN24X7 दरभंगा, 28 मार्च, जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देशनुसार गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा एक ओर जहां “नदियों एवं जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण की आवश्यकता” विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, वहीं दूसरी ओर कबीलपुर स्थित राम जानकी मंदिर घाट पर 700 से अधिक दीपों का प्रज्वलन कर भव्य दीपोत्सव एवं गंगा आरती का आयोजन किया गया*।
कार्यक्रम जिला परियोजना पदाधिकारी श्री फारूक इमाम की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

नुक्कड़ नाटक का आयोजन लहेरियासराय टावर के समीप न्यायालय के सामने एवं लोहिया चौक पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिए एवं प्रस्तुति को सराहा।

नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नदियों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। कलाकारों ने अपने जीवंत एवं प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से दर्शकों को यह समझाने का प्रयास किया कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर हम जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रख सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान “नहीं रुकेंगे – स्वच्छ करेंगे” जैसे प्रेरक नारों से पूरा वातावरण जागरूकता से गूंज उठा तथा उपस्थित लोगों को जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण हेतु सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शारिब अली के नेतृत्व में हर्षिता हरियाली, प्रियांशु चौपाल, कृष कुमार, सुष्मिता कुमारी, आशुतोष हरी, आदित्य कुमार पासवान, सोनू राज, राज लक्ष्मी कृति, सूरज ठाकुर, अंकिता कुमारी, अमृता कुमारी, संजीव कुमार एवं पूजा कुमारी ने नदी प्रदूषण के कारणों, उसके दुष्परिणामों तथा उसके समाधान को अत्यंत सरल, रोचक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर जिला परियोजना पदाधिकारी श्री फारूक इमाम ने कहा कि “नुक्कड़ नाटक जनजागरूकता का एक सशक्त माध्यम है, जबकि दीपोत्सव एवं गंगा आरती हमारी सांस्कृतिक आस्था के साथ स्वच्छता के संदेश को जोड़ते हैं। इस प्रकार की पहल से समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ जोड़कर स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया जा सकता है।”

कबीलपुर के राम जानकी मंदिर घाट पर आयोजित दीपोत्सव एवं गंगा आरती के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय एवं स्वच्छता के संकल्प से ओतप्रोत हो गया। इस आयोजन में एम० के० कॉलेज के एन०एस०एस० एवं नमामि गंगे के स्वयंसेवकों—पूजा, मनीषा, सोनाली, खुशी, अंजलि, आरती, ज्योति, आराधना, पल्लवी, तनुषा, पायल, चंदा, सलोनी, आकृति, आदित्य, अंकित, गोविन्द एवं कृति—की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।

कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने इस पहल को सराहा और स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।