#MNN24X7 दरभंगा, 8 अप्रैल बहादुरपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर देकुली निवासी 25 वर्षीय युवक कुमर जी साहनी की बुधवार सुबह सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुमर जी साहनी आज तड़के करीब 4 बजे छोटकी डीलाही स्थित आर.आर.जे. भवानी एचपी गैस गोदाम से रसोई गैस लेने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तारालाही चौक के पास लोहरसारी चौक पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे और मजदूरी कर घर का भरण-पोषण करते थे। उनके पीछे दो छोटे-छोटे बच्चे एवं वृद्ध माता-पिता हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पोस्टमार्टम स्थल पर बड़ी संख्या में सीपीआई(एम) के कार्यकर्ता, समर्थक एवं स्थानीय लोग पहुंचे। इस दौरान वीरेंद्र पासवान, नीरज कुमार, प्रवीण कुमार, सत्यनारायण पासवान, भीम सिंह, माले नेता देवेंद्र शाह सहित कई लोग उपस्थित रहे।
सीपीआई(एम) के राज्य सचिव मंडल सदस्य श्याम भारती ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से मृतक के परिजनों को तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में रसोई गैस की समुचित व्यवस्था नहीं है और होम डिलीवरी भी प्रभावी रूप से लागू नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि यदि गैस की उपलब्धता और होम डिलीवरी की व्यवस्था सही होती, तो संभवतः यह हादसा टल सकता था। उन्होंने प्रशासन से गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में होम डिलीवरी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
