निदेशक,जनगणना कार्य सह मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी ने प्रशिक्षण सत्र का लिये जायजा।
#MNN24X7 दरभंगा, 17 मार्च, समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर सभागार में जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) से संबंधित जिला/चार्ज स्तर के अधिकारियों एवं शासकीय कर्मियों के लिए तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी, दरभंगा कौशल कुमार की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना 2027 स्वतंत्र भारत की 8वीं जनगणना है, जो प्रत्येक 10 वर्षों पर आयोजित की जाती रही है, किंतु कोविड-19 के कारण इस बार 15 वर्षों के अंतराल पर आयोजित हो रही है।
उन्होंने कहा कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी—प्रथम चरण में 02 मई 2026 से 31 मई 2026 तक मकान सूचीकरण का कार्य तथा द्वितीय चरण में 02 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या की वास्तविक गणना की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में कुल 29 चार्ज का गठन किया गया है, जिसमें 18 ग्रामीण एवं 11 नगरीय चार्ज शामिल हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम 17 मार्च से 19 मार्च 2026 तक दो स्थलों—बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार एवं जिला परिषद सभागार—में दो बैचों में आयोजित किया जा रहा है। इसमें चार्ज अधिकारी,अपर चार्ज अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी भाग ले रहे हैं।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी,जिसमें मोबाइल एप्लीकेशन एवं CMMS पोर्टल का उपयोग होगा। पहली बार आम नागरिकों के लिए स्व-गणना(Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिसके तहत नागरिक 17 अप्रैल 2026 से 01 मई 2026 तक मोबाइल एप्प के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी ने जनगणना के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इससे प्राप्त आंकड़े विभिन्न सरकारी योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन का आधार होते हैं।
सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी संवेदनशीलता,पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी प्रतिभागी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें तथा बिना अनुमति अनुपस्थित न रहें।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन जिला नोडल मास्टर ट्रेनर रोहित कुमार एवं मास्टर ट्रेनर अभिषेक राज द्वारा किया जा रहा है।
इस अवसर पर श्री एम. रामचंद्रुडु (भा.प्र.से.), निदेशक, जनगणना कार्य सह मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी द्वारा प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण किया गया।
उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर प्रशिक्षण बहुत महत्वपूर्ण है,आप लोग अच्छी तरह से प्रशिक्षण लेंगे तो चार्ज एवं फील्ड स्तर पर प्रशिक्षण देंगे।
उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिला स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण ही फील्ड स्तर पर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने कहा कि पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है,सभी संबंधित पदाधिकारी गंभीरता पूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को जारी सर्कुलर को बारीकी से अध्ययन करने को कहा।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क,जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सभी बी डी ओ सहित आदि पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
