#MNN24X7 दरभंगा, 02 अप्रैल :
दरभंगा जिला के केवटी प्रखंड अंतर्गत टेकटार पंचायत के सिरहुल्ली गांव में SH-75 के समीप नव निर्मित विवाह भवन ‘अरूणोदय उत्सव प्रांगण’ का शुभारंभ गुरुवार को दीप प्रज्वलन एवं आतिथ्य सत्कार के साथ धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ख्यातिप्राप्त चिकित्सक डॉ. पी. एन. झा रहे, जो इसी पंचायत के निवासी हैं।

उद्घाटन के पश्चात परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें द्रोण एकेडमी के छात्र-छात्राओं राशि, नेहा, अनु, आस्था, राखी, अंशु, सीमा, आकाश एवं कृष्णा ने भक्ति गीतों पर कंटेम्पररी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस समूह का नेतृत्व सोनू कुमार ने किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की।

विवाह भवन के स्वामी अरूण चौधरी ने बताया कि ‘अरूणोदय उत्सव प्रांगण’ को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां सभी सुविधाएं सस्ती एवं सुलभ दरों पर उपलब्ध होंगी। भवन में पार्किंग की समुचित व्यवस्था, साफ-सुथरे कमरे, विशाल हॉल, मंच, शौचालय युक्त कक्ष, अलग-अलग पुरुष एवं महिला शौचालय, विवाह मंडप, बड़ा मैदान एवं पर्याप्त विद्युत आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध है।

विवाह भवन के प्रबंधक मुन्ना ठाकुर ने कहा कि आसपास के क्षेत्रों में इस प्रकार का सुविधायुक्त विवाह भवन नहीं है, जो विशेष रूप से ग्रामीण परिवेश को ध्यान में रखकर तैयार किया गया हो। उन्होंने बताया कि यहां वैवाहिक कार्यक्रमों के अलावा अन्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं।

सहस्वामी पुरूषोत्तम चौधरी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में स्थानीय लोगों से सहयोग की अपेक्षा जताई। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन दिलीप चौधरी ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, पत्रकार एवं मीडियाकर्मी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

02 Apr 2026