#MNN24X7 दरभंगा, नीरज कुमार राय की रिपोर्ट,दरभंगा नगर निगम की आज प्रस्तावित विशेष बैठक, जो बजट को लेकर आयोजित की जानी थी, पूर्व पार्षद एवं वर्तमान वार्ड संख्या 12 के पार्षद शशिकांत दत्त के निधन के कारण स्थगित कर दी गई।

नगर निगम के सभा कक्ष में मेयर अंजुम आरा ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि शशिकांत दत्त के निधन से नगर निगम को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की परंपरा रही है कि किसी भी पूर्व पार्षद के निधन पर यदि बैठक निर्धारित होती है, तो उसे स्थगित कर दिया जाता है।

इस अवसर पर मेयर अंजुम आरा के नेतृत्व में निगम के सभी पार्षदों एवं उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पार्षद शशिकांत दत्त को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके योगदान को याद किया।

मेयर ने बताया कि आज स्थगित की गई बजट बैठक अब आगामी बुधवार को सुबह 11:30 बजे पुनः आयोजित की जाएगी, जिसमें बजट से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।