#MNN24X7 दरभंगा जिले में बढ़ते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) जगुनाथ रेड्डी ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में हत्या, लूट, डकैती, चोरी एवं वाहन चोरी जैसी गंभीर आपराधिक घटनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए इन पर अंकुश लगाने की रणनीति तय की गई।

बैठक के दौरान SSP ने सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी स्थिति में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से हत्या, डकैती और वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

SSP जगुनाथ रेड्डी ने हाल के दिनों में हुई घटनाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित थानाध्यक्षों से जवाब-तलब किया और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही, सभी थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्ती (पेट्रोलिंग) बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
बैठक में यह भी निर्णय इलिया गया कि जिले के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच, रात्रि गश्ती को और सुदृढ़ करने तथा आवश्यकतानुसार विशेष अभियान चलाकर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
SSP ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 112 एवं संबंधित थाना के संपर्क नंबरों का उपयोग करने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि जनता की सतर्कता और पुलिस की सक्रियता से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
इस समीक्षा बैठक में जिले के सभी पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में लिए गए निर्णयों के आधार पर सभी थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, जिससे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।

रिपोर्ट: नीरज कुमार राय