#MNN24X7 दरभंगा, दरभंगा शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुचारु बनाने के लिए प्रशासन ने एक अहम पहल की है। अब शहर में ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन कलर कोड सिस्टम के तहत किया जाएगा। इस नई व्यवस्था के तहत पूरे शहर को पांच अलग-अलग जोन में विभाजित किया गया है, जिससे ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित किया जा सके और जाम की समस्या से राहत मिले।
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रत्येक जोन के लिए अलग-अलग रंग निर्धारित किए जाएंगे। संबंधित जोन के रंग के आधार पर ही ऑटो और ई-रिक्शा अपने निर्धारित रूट पर संचालित होंगे। इससे अनावश्यक भीड़भाड़ पर रोक लगेगी और यातायात अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सकेगा।
इस योजना के अंतर्गत कुल 528 वाहनों को परमिट जारी किए जाएंगे। वहीं, शेष बचे स्लॉट के लिए वाहन चालकों से 16 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयनित वाहनों को ही निर्धारित रूट और रंग कोड के तहत संचालन की अनुमति दी जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से शहर में यातायात प्रणाली अधिक नियंत्रित और प्रभावी होगी, जिससे आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही, दुर्घटनाओं और जाम की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है।
प्रशासन ने सभी ऑटो और ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि इस नई व्यवस्था का लाभ आम जनता तक पहुंच सके।

रिपोर्ट: नीरज कुमार राय