ग्रामीण हाट में खाना बनाते समय हुआ धमाका, सिलेंडर 30 फीट उछला; पुलिस की देरी से पहुंचने पर आक्रोश

#MNN24X7 दरभंगा, बुधवार:जिले के पतोर थाना क्षेत्र स्थित उसमामठ गांव में बुधवार को गैस सिलेंडर विस्फोट की एक भयावह घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीण हाट में खाना बनाते समय हुए इस भीषण धमाके में 6 लोग घायल हो गए, जिनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव में लगने वाले साप्ताहिक हाट में एक दुकानदार छोटे (करीब 5 लीटर) गैस सिलेंडर पर कचरी, चौप, मुरही और बड़ी जैसे खाद्य पदार्थ तैयार कर रहा था। रोज की तरह दुकान चल रही थी, लेकिन सिलेंडर जलाने के लगभग 20 मिनट बाद अचानक जोरदार विस्फोट हो गया।

धमाका इतना तेज था कि सिलेंडर करीब 30 फीट ऊपर हवा में उछल गया और कुछ दूरी पर जाकर गिर पड़ा। विस्फोट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आसपास के आम के पेड़ों में लगे मंजर और खेतों में खड़ी टिकुला फसल भी आग की चपेट में आकर झुलस गई।

इस हादसे में डोमनी देवी, राजू साह, चंदन, लालू साह, इंद्रा कुमारी और अनिता देवी सहित अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां तीन की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद राहत और बचाव कार्य में स्थानीय ग्रामीणों ने ही तत्परता दिखाई, जबकि पुलिस के करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचने की बात सामने आई है। इससे नाराज ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश देखा गया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं प्रशासन की ओर से सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सख्ती बरतने की बात कही जा रही है।