Breaking News

दरभंगा में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: प्रतिबंधित दवाओं के साथ दो युवक गिरफ्तार

#MNN24X7 दरभंगा। शहर में तेजी से फैल रहे नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए दरभंगा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में पुलिस की गश्ती के दौरान दो युवकों को भारी मात्रा में प्रतिबंधित और नशीली दवाओं के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय थाना पुलिस शाम के समय नियमित गश्ती पर थी। इसी दौरान बालूघाट स्थित हनुमान मंदिर के समीप एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में नजर आए। पुलिस को शक होने पर जब दोनों को रोककर तलाशी ली गई, तो उनके पास से बड़ी मात्रा में नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए गए।

विश्वविद्यालय थाना के प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि जिले में इन दिनों नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। मौके पर मौजूद ड्रग इंस्पेक्टर राजेश पुष्प के अनुसार, आरोपियों के पास से करीब 80 नशीले कैप्सूल और 55 से 58 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, बिना डॉक्टर के पर्चे के इस प्रकार की दवाओं का रखना या बिक्री करना कानूनन अपराध है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इन दवाओं का इस्तेमाल खुद नशे के लिए करते थे और साथ ही इन्हें अवैध रूप से अन्य लोगों को बेचते भी थे।

फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।