#MNN24X7 दरभंगा, 18 मार्च, चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, विक्रम संवत 2083 के पावन अवसर पर 19 मार्च को मनाए जाने वाले हिंदू नव वर्ष को लेकर दरभंगा नगर में भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरे शहर को भगवा ध्वजों से सजाया जा रहा है, जिससे नगर का वातावरण पूरी तरह धार्मिक और उत्सवमय हो गया है।

हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष्य में भव्य बाइक शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा, जो मनोकामना मंदिर प्रांगण से प्रातः 8:00 बजे प्रारंभ होगी। आयोजकों द्वारा नगर के सभी रामभक्तों एवं सनातनी समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है। श्रद्धालु अपने-अपने घरों से भगवा ध्वज के साथ मोटरसाइकिल लेकर इस शोभायात्रा में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए शंकर कुमार, अविनाश मेहता, कार्यक्रम संयोजक शेखर साहनी तथा संरक्षक राजीव प्रकाश मधुकर, पंकजवाड़ी, राधेश्याम दास, रिंकू झा सहित अन्य कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। सभी के संयुक्त प्रयास से आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विश्व हिंदू परिषद के सह जिला मंत्री राजीव प्रकाश मधुकर ने देशवासियों को हिंदू नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से ही हिंदू नव वर्ष का आरंभ होता है, जो भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर भगवा ध्वज लगाने, मठ-मंदिरों में पूजा-अर्चना करने तथा शुद्ध एवं सात्विक भोजन ग्रहण करने का आग्रह किया।
इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को हिंदू नव वर्ष के महत्व से अवगत कराएं और इस पावन पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाएं।
इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे, जिससे कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
