Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा,रिपोर्ट: नीरज कुमार राय दरभंगा के चर्चित 2 करोड़ रुपये के ज्वेलरी लूट कांड को लेकर मंगलवार देर शाम राजनीतिक हलचल तेज हो गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक संजय सरावगी पीड़ित व्यवसायी मनोज कुमार ठाकुर के आवास पर पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रेम ज्वेलर्स के मालिक से मुलाकात कर परिवार को सांत्वना दी तथा हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

इस दौरान संजय सरावगी ने कहा कि मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेगूसराय से 6 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि लूटे गए जेवरात और करीब 2 करोड़ रुपये की नगदी जल्द ही बरामद कर ली जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सख्त लहजे में कहा कि बिहार में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो रही है। इस कांड में भी पुलिस द्वारा ‘हाफ एनकाउंटर’ की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट संदेश है—अपराधी या तो अपराध छोड़ दें या फिर बिहार छोड़ दें।

वहीं पीड़ित व्यवसायी मनोज कुमार ठाकुर ने कहा कि उन्हें सरकार और पुलिस पर भरोसा है, लेकिन घटना के बाद व्यापारियों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि यदि बड़े बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्ती व्यवस्था मजबूत होती तो ऐसी वारदात नहीं होती। उन्होंने जल्द से जल्द लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग की, ताकि व्यापारियों का विश्वास बहाल हो सके।

इस घटना के बाद शहर के व्यापारिक वर्ग में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।