Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, संवाददाता: जिले के ग्राम बोआरी स्थित जितेंद्र चौधरी के आवासीय परिसर में ब्राह्मण काउंसिल ऑफ इंडिया एवं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप क्षत्रिय महासभा की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मणिकांत चौधरी ने की।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से एससी/एसटी एक्ट 2018 को जातिगत आधार पर बनाया गया कानून बताते हुए इसमें संशोधन की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान स्वरूप में यह कानून समाज के एक वर्ग के साथ असंतुलन पैदा कर रहा है।

बैठक को संबोधित करते हुए ब्राह्मण काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रदेश महासचिव कैलाश कुमार चौधरी ने कहा कि यूजीसी बिल के कारण सवर्ण समाज स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जातिगत दृष्टिकोण के आधार पर नियम बना रही है, जिससे समाज के कुछ वर्गों को दोयम दर्जे का महसूस कराया जा रहा है।

जिला संरक्षक राजीव चौधरी ने कहा कि देश में जातिगत आरक्षण के चलते योग्यता प्रभावित हो रही है, जो देश के भविष्य के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीयों को सम्मान मिल रहा है, लेकिन देश के भीतर जातिगत व्यवस्था के कारण कई लोग उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।

वहीं क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि समाज में जातिगत भेदभाव बढ़ाने में सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण और क्षत्रिय समाज ने हमेशा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का कार्य किया है और परंपराओं में सभी को समान सम्मान दिया है, लेकिन वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में इन समाजों को उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक में प्रखंड अध्यक्ष सोहन चौधरी, श्याम सुंदर चौधरी, पंकज सिंह, संतोष सिंह, गौरी शंकर चौधरी, अर्जुन चौधरी, सीताराम चौधरी, मनोज चौधरी सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करते हुए आगे की रणनीति बनाने पर भी चर्चा की गई।