#MNN24X7 दरभंगा, संवाददाता दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत भरवाड़ा के घोड़दौर चौक के पास सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय सफाईकर्मी विक्रम राम की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7:14 बजे विक्रम राम सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल विक्रम को सिंहवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर फैलते ही नगर पंचायत के सफाईकर्मियों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित कर्मियों ने कामकाज ठप कर दिया और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा सफाईकर्मियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सफाईकर्मियों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के काम करना पड़ता है, जिससे उनकी जान हमेशा खतरे में रहती है। साथ ही, क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
