दरभंगा |
दरभंगा जिले के सिनुआर ग्राम में स्वर्गीय संतु सिंह की 50वीं जयंती के अवसर पर सेवा और मानवता का अनुकरणीय उदाहरण देखने को मिला। इस अवसर पर उनके पुत्र यश तथा भाई प्रवीण कुमार सिंह उर्फ पिंकू सिंह के नेतृत्व में भव्य सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत गांव एवं आसपास के क्षेत्र के 400 गरीब व जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल और अन्य गर्म कपड़ों का वितरण किया गया। ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए किए गए इस वितरण से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिली। सामग्री वितरण के उपरांत सभी उपस्थित लोगों के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम में शामिल गणमान्य व्यक्तियों ने स्वर्गीय संतु सिंह को याद करते हुए कहा कि वे किसी परिचय के मोहताज नहीं थे। भले ही वे आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, सेवा भाव और समाज के प्रति समर्पण आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं। उन्होंने बताया कि स्व. संतु सिंह की जयंती प्रत्येक वर्ष इसी प्रकार सेवा कार्यों के माध्यम से मनाई जाएगी।
आयोजकों ने जानकारी दी कि इस वर्ष 400 जरूरतमंदों के बीच सामग्री का वितरण किया गया है, जबकि आगामी वर्ष उनकी जयंती पर एक हजार जरूरतमंद लोगों तक सेवा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
स्वर्गीय संतु सिंह के मित्रों ने भी उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे हमेशा गरीबों और असहायों की सेवा के लिए तत्पर रहते थे। जरूरतमंदों की मदद करना ही उनका जीवन उद्देश्य था। उन्हीं की सोच और प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए यह सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय संतु सिंह की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

रिपोर्ट : नीरज कुमार राय