असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई होगी -वरीय पुलिस अधीक्षक।

जिला शांति समिति के सम्मानित सदस्यों के साथ हुई हुई बैठक।

#MNN24X7 दरभंगा, 20 मार्च समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में जिला दण्डाधिकारी, दरभंगा कौशल कुमार की अध्यक्षता में प्रमुख पर्व-त्योहारों यथा ईद,चैती छठ, रामनवमी एवं दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांतिपूर्ण और भाईचारे की वातावरण में मनाने के लिए जिला शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपस्थित शांति समिति के सम्मानित सदस्यों द्वारा कई महत्वपूर्ण सुझाव दिये गए।

शांति समिति के सम्मानित सदस्यों ने त्योहारों के दौरान प्रमुख स्थलों पर चिकित्सकीय दलों की प्रतिनियुक्ति, साफ सफाई, झांकियों के विषय-वस्तु, पोस्टर एवं स्लोगन की पूर्व जांच, विद्युत के लटके तारों की मरम्मत, असामाजिक तत्वों पर निगरानी, तथा अखाड़ा मिलान स्थल राम जानकी मंदिर,नाका संख्या-05 पर विशेष पुलिस व्यवस्था करने की आवश्यकता पर बल दिये ।

नाका संख्या-05 के समीप वैकल्पिक यातायात व्यवस्था, मेडिकल किट्स की उपलब्धता, ट्रैफिक प्रबंधन, लहेरियासराय टावर, लोहिया चौक, दरभंगा टावर एवं नाका संख्या-06 पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया गया।

जिला दण्डाधिकारी श्री कौशल कुमार ने निर्देश दिया कि सभी समितियां झांकियों की विषय-वस्तु एवं स्लोगन का स्वयं परीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि किसी भी प्रकार की सामग्री से किसी समुदाय की भावना आहत न हो।

उन्होंने सिविल सर्जन को सभी समितियों को प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए किट में आवश्यक सामग्री जैसे बैंडेज, हैंडीप्लास्ट, कॉटन एवं डिटॉल की पर्याप्त उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग को सक्रिय रहने, पथ निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख स्थलों एवं डीएमसीएच में मेडिकल टीम की तैनाती के साथ एंबुलेंस को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिये।

उन्होंने नगर निगम, और पीएचईडी को चिन्हित स्थलों पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा एसडीओ एवं एसडीपीओ को जुलूस मार्ग सड़कों पर से भवन निर्माण सामग्री हटवाने का निर्देश दिया।

उन्होंने शांति समिति के सदस्यों के पहचान पत्र निर्गत करने, भीड़भाड़ वाले स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने एवं नगर निगम को विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। रामनवमी जुलूस के संदर्भ में उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक झांकी की अनुमति नहीं होगी तथा यह अखाड़ा समिति सुनिश्चित करेंगे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

साथ ही, चैती छठ के अवसर पर घाटों की साफ-सफाई एवं बैरिकेडिंग कराने, विद्युत तारों को दुरुस्त करने तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया।उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता की जानकारी देते हुए कहा कि सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। साथ ही,जुलूस से पूर्व झांकियों की जांच कर आपत्तिजनक सामग्री हटाने का निर्देश थाना
जिला प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे आपसी सौहार्द,शांति एवं भाईचारे के साथ सभी पर्व-त्योहार मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।

बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष सीता देवी, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता राकेश कुमार,उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, कार्यपालक अभियंता भवन सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

इसके अतिरिक्त शांति समिति के सम्मानित सदस्यगण— श्याम किशोर प्रधान, अशोक नायक, रीता सिंह, मनीष जायसवाल, नफीसउल हक (रिंकू), रूमी खान, सुनील मंडल, मो. असलम, अजय जलान, नवीन सिन्हा, अंकुर गुप्ता, दीदार हुसैन चांद, शैलेंद्र मोहन झा, नवीन खटीक, गगन कुमार झा सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।