गरीबों पर बुलडोजर कारवाई बंद हो- माले।

#MNN24X7 समस्तीपुर, 16 दिसंबर, नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के भट्टा गांव में 5 दिसंबर 2025 को मुस्लिम कपड़ा फेरीवाले मोहम्मद अतहर हुसैन की बर्बर मॉब लिंचिंग एवं गरीबों पर बुलडोजर कारवाई के खिलाफ भाकपा माले ने प्रतिवाद मार्च निकालकर स्टेशन चौराहा पर सभा का आयोजन किया।

मंगलवार को बड़ी संख्या में भाकपा माले कार्यकर्ता शहर के मालगोदाम चौक पर इकट्ठा होकर अपने-अपने हाथों में झंडा, बैनर एवं मांगों से संबंधित नारे लिखे तख्तियां लिए जोर-जोर से नारे लगाते हुए प्रतिवाद मार्च निकाला। मार्च बाजार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए स्टेशन चौराहा पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया।

सभा की अध्यक्षता करते हुए भाकपा माले जिला स्थाई समिति सदस्य जीबछ पासवान ने कहा की नवादा माॅब लिंचिंग की घटना बिहार में कानून के शासन पर गंभीर सवाल खड़ी करती है। यह घटना भाजपा द्वारा बिहार में लगातार बनाए जा रहे सांप्रदायिक माहौल का जीवंत उदाहरण है। गृह मंत्री सम्राट चौधरी के कार्यभार संभालने के बाद राज्य में मॉब हिंसा और बुलडोजर कारवाई में बढ़ोतरी हुई है। यदि एनडीए सरकार बिहार में ‘योगी मॉडल’ लागू करने का सपना देख रही है तो यह बिहार की सामाजिक एकता और लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है और इसका जोरदार प्रतिरोध किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मोहम्मद अतहर हुसैन को केवल मुस्लिम होने के संदेह में घेरकर अमानवीय यातनाएँ दी गईं। उन्हें बेरहमी से पीटा गया, गर्म औजार से दागा गया, कान काटे गए, उंगली तोड़ी गई और उनके प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डाला गया। अधमरी हालत में छोड़ दिए जाने के बाद उल्टे उन पर चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज किया गया। इलाज के दौरान 12 दिसंबर 2025 को उनकी मौत हो गई। पुलिस, जिला प्रशासन और चिकित्सकीय लापरवाही इस मौत के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार है।

उन्होंने मो० अतहर के हत्या में शामिल तमाम दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर सजा देने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा, न्याय और पर्याप्त मुआवजा देने, अतहर पर दर्ज झूठा मुकदमा को रद्द और दोषी पुलिसकर्मियों व अधिकारियों पर कारवाई करने, बुलडोजर कारवाई और भीड़तंत्र पर रोक लगाने, गृह मंत्री सम्राट चौधरी से कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की।

जिला कमिटी सदस्य अमित कुमार, दिनेश कुमार, महावीर पोद्दार, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, अनिल चौधरी, जयंत कुमार, उपेंद्र राय, रामचंद्र पासवान, राज कुमार चौधरी, सुनील कुमार, गंगा प्रसाद पासवान समेत दीपक यदुवंशी, रोहित कुमार, शमीम मंसूरी, एजाज अली, मो० फरहान, आरती सहनी, कुन्दन राम, राम प्रसाद समेत बड़ी संख्या में भाकपा माले एवं इंसाफ मंच के कार्यकर्ता मौजूद थे।