Breaking News

#MNN24X7 समस्तीपुर। जिले में निजी विद्यालयों द्वारा किताब, ड्रेस, टाई, बेल्ट, डायरी, टेस्ट, प्रमोशन फीस सहित विभिन्न मदों के नाम पर की जा रही वसूली को लेकर अभिभावकों में रोष बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि शिक्षा के नाम पर खुली लूट चल रही है, जिसे तत्काल रोकने की आवश्यकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि निजी स्कूल प्रबंधन हर वर्ष किताबों और ड्रेस में बदलाव कर अभिभावकों को बाध्य करते हैं कि वे निर्धारित दुकानों से ही महंगे दामों पर सामान खरीदें। इसके अलावा अलग-अलग शुल्कों के नाम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है, जिससे मध्यम और गरीब वर्ग के अभिभावकों की परेशानी बढ़ गई है।

सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने जिला प्रशासन से मांग की कि निजी विद्यालयों की फीस संरचना की जांच कर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि मनमानी पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो शिक्षा पूरी तरह से व्यवसाय बनकर रह जाएगी।

इधर, अभिभावकों ने भी प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि बच्चों की पढ़ाई के नाम पर इस तरह की वसूली पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।