रैली की तैयारी को लेकर आरवाईए- भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने चलाया जनसंपर्क अभियान
#MNN@24X7 ताजपुर/समस्तीपुर 17फरवरी,2 मार्च को पटना के गांधी मैदान में होने वाला बदलो बिहार महाजुटान रैली को बड़ी भागीदारी से सफल बनाने को लेकर आरवाईए, भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को ताजपुर कालेज मैदान से जनसंपर्क अभियान शुरू कर लोगों से भाग लेकर रैली को सफल बनाने की अपील की।
इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि यह रैली जन आंदोलनों का महाजुटान है। इसमें रसोइया, आशा, सेविका, सहायिका, ममता, जीविका, विद्यालय प्रहरी, सफाईकर्मी, कुरियर समेत तमाम स्कीम वर्कर्स शामिल होंगे।
आरवाईए जिला अध्यक्ष आसिफ होदा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि दो दशकों से बिहार की सत्ता पर काबिज एनडीए की सरकार ने इस राज्य को देश के सबसे ग़रीब और पिछड़े राज्यों की श्रेणी में धकेल दिया है। तथाकथित डबल इंजन की सरकार डबल बुलडोजर, विश्वासघात और अन्याय की सरकार साबित हुई है। राज्य की असल जरूरत एवं बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह पीछे छूट गई है। बिहार सस्ते श्रम कू शोषण और पलायन का इलाका बनकर रह गया है। तमाम सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार व्याप्त है। जनता का हरेक हिस्सा तंगहाल और परेशान हैं और बदलाव की चौतरफा आवाज उठने लगी है।
खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने कहा कि महाजुटान रैली में बिहार के बदलाव के आकांक्षी सभी लोग और अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे तमाम तबके शामिल हों और बिहार के बदलाव की लड़ाई मिल जुलकर लड़ने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि इसकी सफलता बिहार ही नहीं, पूरे देश में बदलाव का मजबूत संदेश देगी।
मौके पर मो० एजाज, नौशाद तौहीदी, वाहिद होदा, मुकेश कुमार गुप्ता, मनोज साह समेत बड़ी संख्या में छात्र- युवा मौजूद थे।