Breaking News

#MNN24X7 समस्तीपुर, संवाददाता: जिले के विशनपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-06 में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे भीषण आग लगने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस अग्निकांड में अशोक सदा के 4 वर्षीय पुत्र मनोज सदा की जलकर मौत हो गई, वहीं एक बकरी भी आग की चपेट में आकर मर गई। घटना में दर्जनों घर जलकर पूरी तरह राख हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। घरों में रखे अनाज, कपड़े, नकदी, साइकिल सहित अन्य आवश्यक सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए, जिससे पीड़ित परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

इस अग्निकांड में अशोक सदा, मोहन सदा, शिवचंद्र सदा, विकास सदा, सुधीर सदा, महेंद्र सदा, बैजनाथ सदा, प्रकाश सदा तथा राजेंद्र सदा सहित कई परिवारों के घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि वे हर संभव मदद के लिए पीड़ितों के साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रखंड सह अंचल कार्यालय, समस्तीपुर से फोन पर बात कर पीड़ित परिवारों को शीघ्र सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की।

पूर्व विधायक ने अपने स्तर से भी पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया और प्रशासन से राहत कार्य में तेजी लाने की अपील की।

मौके पर जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य जनार्दन राम, राजद नेता मो. आसिफ इकबाल, विनोद महतो, अखिलेश दास, जयलाल राय सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित थे।

प्रशासन की ओर से राहत एवं पुनर्वास कार्य शुरू किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं क्षेत्र में इस घटना के बाद शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।