डाo एस.ए. आलम के आवास पर जुटे सैकड़ों रोजेदार व गणमान्य लोग

#MNN24X7 समस्तीपुर, बुधवार:प्रखंड क्षेत्र के जितवारपुर फरपुरा स्थित डाo एस.ए. आलम के आवास पर बुधवार को भव्य “दावते इफ्तार” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समस्तीपुर विकास मंच के संरक्षक सह सदर अस्पताल के मनोचिकित्सक डाo एस.ए. आलम की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों रोजेदारों के साथ-साथ पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक एवं प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इफ्तार से पूर्व सभी रोजेदारों ने सामूहिक रूप से दुआ की और देश-प्रदेश में अमन-चैन एवं भाईचारे की कामना की। कार्यक्रम का माहौल सौहार्द और एकता के रंग में रंगा नजर आया।

मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बिहार विधानसभा के पूर्व मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने कहा कि रमजान रहमत और बरकत का महीना है। यह पवित्र माह हमें इंसानियत, सच्चाई और आपसी प्रेम का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस पाक महीने में हर व्यक्ति को बुराइयों का त्याग कर अच्छाई के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम के मेजबान डाo एस.ए. आलम ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारा और आपसी सद्भाव मजबूत होता है। उन्होंने सभी से मिलजुल कर समाज के विकास में योगदान देने की अपील की।

इफ्तार के बाद सभी लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया और एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय लोगों का भी सराहनीय योगदान रहा।