#MNN24X7 दरभंगा, दरभंगा में दुष्कर्म के बाद एक मासूम बच्ची की हत्या की घटना सामने आने के बाद रविवार सुबह हालात बेकाबू हो गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जमकर उपद्रव किया। उग्र भीड़ ने एक कार और एक दुकान में आग लगा दी, जबकि कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। हिंसा के दौरान पुलिस पर पथराव हुआ, जिसमें आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ पुलिसकर्मी पिस्टल लेकर सड़कों पर दौड़ते नजर आए।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभालते हुए हालात पर काबू पाया। जिलाधिकारी ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। डीएम ने कहा कि दुष्कर्म और हत्या के मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी को पोक्सो एक्ट के तहत सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि बीती रात बच्ची की हत्या कर शव को फेंक दिया गया था। मामले में आरोपी विकास महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर आरोपी को भीड़ के हवाले करने की मांग की, जिसके बाद तनाव बढ़ गया। उपद्रवियों द्वारा पुलिस पर पथराव किया गया, जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने कई उपद्रवियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।