साइकिलिंग करने से स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण स्वच्छ होता है : बिरजू पासवान
दरभंगा। लायंस क्लब ऑफ दरभंगा टाउन की ओर से आयोजित विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर शुक्रवार की सुबह नाका नं 6 यातायात थाना से साइकिल रैली निकाली गई। साइकिल रैली को झंडी दिखाकर रवाना करते यातायात डीएसपी बिरजू पासवान व प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी सह बहादुरपुर थाना प्रभारी,बिक्रम सिहांग,तथा साथ मे लायंस क्लब ऑफ दरभंगा टाउन के पवन सुरेका तथा अन्य लोगों ने साइकिल रैली में बड़ी संख्या में भाग लिया। इस साइकिल रैली में हर उम्र के तथा हर क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया। इनमें स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, युवा, पुलिस विभाग के लोग तथा अन्य लोगों ने भी भाग लिया साथ ही साथ यह संदेश भी दिया।
वही विक्रम सिहांग ने कहा इस तरह की साइकिल रैली के आयोजन से समाज में यह संदेश जाता है कि इससे हमारे स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण को भी स्वच्छ रखने में काफी मदद मिलती है। साथ ही दुर्घटनाएं भी कम होती है। हमें अपनी दिनचर्या में साइकिलिंग को भी जगह देनी चाहिए। साइकिल चलाना अच्छी बात है इसे लेकर लोगों में नजरिया बदलना चाहिए। पर्यावरण के साथ खुद का स्वास्थ्य बेहतर रखने के साथ इंधन की भी बचत होती है। इसलिए हमें साइकिलिंग को अपने दिनचर्या में जरूर शामिल करना चाहिए तथा प्रतिदिन कुछ घंटे साइकिल से भी सवारी करनी चाहिए। छोटे मोटे कार्योँ को कम से कम जो आसपास के काम होते हैं उन्हें जरूर साइकिल से ही करनी चाहिए। जिससे की स्वास्थ्य और पर्यावरण बेहतर बनता है।
मौके पर संबोधित करते हुए बिरजू पासवान डीएसपी यातायात ने बताया आज विश्व साइकिल दिवस है वर्ष 2018 से इसे मनाया जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा इसे महत्व भी दिया गया है। उन्होंने कहा साइकिलिंग करने से हमारा पेट भी कम होता है और हम स्वस्थ रहते हैं साथ ही पर्यावरण को भी ठीक रखा जा सकता है। इससे प्रदूषण भी कम किया जा सकता है।
वहीं उन्होंने कहा लायंस क्लब ऑफ दरभंगा टाउन की ओर से यह एक अच्छी पहल की गई है।साथ ही हमें यातायात के नियमों का भी अच्छी तरह से पालन करना चाहिए। साइकिल रैली में यातायात नियमों के स्लोगन भी लगाए गए हैं। यह रैली यातायात थाना से निकलकर रहमगंज,खान चौक,मौलागंज मिर्जापुर, होते हुए कई जगहों तक गई इस तरह के साइकिल रैली से समाज में अच्छा संदेश जाएगा। हमें अगर आसपास अपनी ड्यूटी पर जाना हो या मंदिर वगैरह जाना हो, सब्जी लानी हो या दूध ही लाना है। उस समय हमें यही कोशिश करनी चाहिए कि साइकिल की सवारी हम जरूर करें और साइकिल चलाने वालों को प्रोत्साहित भी जरूर करें।
03 Jun 2022
