Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा। हराही स्थित बहुद्देशीय भवन में आयोजित ‘अष्टदल’ महोत्सव के पांचवें दिन मंगलवार को नृत्यकला प्रदर्शन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के सम्मान के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रविरंजन कुमार एवं कामेश्वर ओझा उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में वेद प्रकाश, प्रकाश बंधु, श्याम भास्कर एवं गुंजन श्री ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम में सृजन सृष्टि, डांस दरभंगा एवं द्रोण एकेडमी की टीमों ने समूह एवं एकल नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। द्रोण एकेडमी के बच्चों ने भक्ति गीतों पर कंटेम्परेरी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी, वहीं डांस दरभंगा की टीम ने लोकनृत्य के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। सृजन सृष्टि की टीम द्वारा प्रस्तुत कत्थक नृत्य ने भी खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम के संयोजक एवं दि स्पॉटलाईट थिएटर के संचालक सागर सिंह ने बताया कि विश्व रंगमंच दिवस से हिंदी रंगमंच दिवस तक आयोजित इस आठ दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न विधाओं के ख्यातिप्राप्त कलाकार दरभंगा पहुंच रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि बुधवार को शाम 6 बजे से नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा।

महोत्सव के सफल संचालन में अमन सिंह, शिवम् शांडिल्य, सत्यम् शब्दवर्धन, नेहा कुमारी, हर्षित कुमार, आर्यन, विशाल, किसुन, संध्या एवं नीलेश सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान शहर के गणमान्य नागरिक, मीडियाकर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।