Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, दरभंगा जिला कांग्रेस कमेटी को सोमवार को नया नेतृत्व मिल गया। बलभद्रपुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित भव्य अभिनंदन एवं पदभार ग्रहण समारोह के दौरान नवनियुक्त शहरी जिलाध्यक्ष डॉ. जमाल हसन और ग्रामीण जिलाध्यक्ष मिथिलेश कुमार चौधरी ने विधिवत अपनी जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष दयानंद पासवान ने दोनों नेताओं को पदभार सौंपते हुए संगठन की एकजुटता और मजबूती पर विशेष जोर दिया।

समारोह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक पाग, चादर और फूलमालाओं से दोनों नवनियुक्त अध्यक्षों का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और जोश से भरपूर रहा, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।

अपने संबोधन में डॉ. जमाल हसन ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा सामाजिक सौहार्द, लोकतंत्र और सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने शहरी क्षेत्र में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया। वहीं ग्रामीण जिलाध्यक्ष मिथिलेश कुमार चौधरी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता कांग्रेस की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना होगा।

निवर्तमान जिलाध्यक्ष दयानंद पासवान ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने नए नेतृत्व से सभी को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपील की।

समारोह में उपस्थित नेताओं ने भी दोनों अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के सशक्तिकरण की उम्मीद जताई। पूरे आयोजन ने दरभंगा कांग्रेस में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।