#MNN24X7 दरभंगा, प्रतिनिधि।
शहर में आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव के समापन अवसर पर नाट्य मंचन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में वेद प्रकाश, प्रकाश बंधु, श्याम भास्कर, हेमेंद्र कुमार लाभ सहित कई कलाकार और रंगकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद नाट्य प्रस्तुति का मंचन आरंभ हुआ। नाटक में कुल सात पात्रों ने अपनी भूमिका निभाई। इनमें ‘टिल्लू’ की भूमिका में कुणाल कुमार का अभिनय विशेष रूप से सराहनीय रहा। अन्य कलाकारों ने भी अपनी सशक्त प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के उपरांत सभी कलाकारों को स्मृति चिह्न एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के संयोजक एवं ‘दि स्पॉटलाइट थिएटर’ के संचालक सागर सिंह ने बताया कि नाट्य प्रस्तुति का निर्देशन बिहार सरकार द्वारा सम्मानित निर्देशक रोशन कुमार ने किया।
महोत्सव के सफल संचालन में अमन सिंह, नेहा कुमारी, हर्षित कुमार, आर्यन, विशाल, किसुन, संध्या, नीलेश एवं साहिल सहित अन्य सहयोगियों की अहम भूमिका रही। वहीं, पूरे कार्यक्रम के मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी डिजिटल मीडिया एजेंसी केडीएन ने निभाई। केडीएन टीम ने अपनी दक्षता से आयोजन को व्यापक पहचान दिलाई।
इस अवसर पर केडीएन के चीफ एडिटर सीतेश चौधरी को भी स्मृति चिह्न एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य व्यक्ति, मीडियाकर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
