Breaking News

#MNN24X7 समस्तीपुर। जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि शहर में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की किल्लत से आमजन परेशान हैं। अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो जाने के कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई पेट्रोल पंप बीते शाम से ही बंद पड़े हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।

बहादुरपुर स्थित हरिहर प्रसाद पेट्रोल पंप तथा स्टेशन रोड स्थित एच.पी. घोष पेट्रोल पंप पर लोगों को घंटों लंबी कतार में लगने के बाद बड़ी मशक्कत से पेट्रोल और डीजल मिल पा रहा है। बावजूद इसके, पेट्रोल पंप प्रबंधन की ओर से इस समस्या को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।

बताया जा रहा है कि कल शाम से ही हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ईंधन की कमी का असर रोजमर्रा के जीवन पर साफ देखा जा रहा है। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं तथा आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोग भी इस संकट से प्रभावित हो रहे हैं।

राकेश कुमार ठाकुर ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और जनजीवन सामान्य हो सके।