-सखी बहिनपा समूह की संस्थापिका आरती झा को दिया जाएगा जानकी सम्मान

#MNN@24X7 दरभंगा, धरती की पुत्री मां जानकी का प्राकट्य दिवस समारोह विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आगामी 29 अप्रैल को धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। स्थानीय एमएमटीएम कालेज-परिसर में प्रातः काल माता जानकी की प्रतिमा की शास्त्रीय विधि से पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद मैथिली दिवस समारोह का भव्य आयोजन होगा। यह निर्णय रविवार की देर शाम संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष डा बुचरू पासवान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

मौके पर महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कहा कि संस्थान कई दशकों से जानकी नवमी का आयोजन करता आ रहा है। जबकि बीते एक दशक से अधिक समय से मूर्ति पूजा भी की जा रही है। जानकी नवमी का विस्तार-अभियान निरंतर प्रगति कर रहा है। आज राष्ट्रीय स्तर पर हजारों स्थान पर जानकी नवमी समारोहपूर्वक मनाने का क्रम शुरू हो चुका है। वहीं अमेरिका, जर्मनी, कैलिफोर्निया, रूस आदि देशों में भी मिथिलावासी जानकी नवमी का आयोजन कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि संस्थान के जानकी नवमी समारोह में सूबे के मंत्री संजय झा, पूर्व मंत्री जिवेश मिश्र व आलोक रंजन झा, पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्मश्री डॉ. सीपी ठाकुर, सांसद डा गोपालजी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी, केवटी के विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, पूर्व विधान पार्षद डा विनोद कुमार चौधरी व प्रो दिलीप कुमार चौधरी आदि शिरकत करेंगे। जबकि संस्थान के संरक्षक द्वय क्रमशः ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सुरेंद्र प्रताप सिंह और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो शशिनाथ झा की इस अवसर पर गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

डा बैजू ने जानकी अभियान में जुटी सभी संस्थाओं को साधुवाद देते हुए मिथिला के हर घर में जानकी पूजन सुनिश्चित करने का आह्वान किया ताकि इस मिथिला में नारी सशक्तिकरण का अभियान और ज्यादा विस्तार ले सके।

मौके पर मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा ने कहा कि विद्यापति सेवा संस्थान के हर-घर जानकी पूजन महाभियान को मिथिलावासी एवं प्रवासी मैथिलों का भरपूर सहयोग व समर्थन मिल रहा है। इसके सुखद परिणाम के रूप में देश-विदेश में शिवधनुर्धारिणी जानकी नवमी समारोह की धूम के रूप में सामने है।

इस अवसर पर आयोजित होने वाले जानकी-सम्मेलन की संयोजिका डा सुषमा झा ने मां जानकी के प्राकट्य दिवस पर जानकी सम्मेलन के आयोजन को काफी उपयोगी बताया और सभी माता-बहनों को इसमें शामिल होने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाने की जानकारी दी। नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष दिया जाने वाला जानकी सम्मान इस वर्ष सखी बहिनपा समूह की संस्थापिका आरती झा को दिए जाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।

अध्यक्षीय संबोधन में डा बुचरू पासवान ने संस्थान के क्रिया-कलापों को मिथिला-मैथिली के सर्वांगीण विकास का आधार बताया। बैठक में विनोद कुमार झा, प्रवीण कुमार झा, प्रो. चंद्रशेखर झा बूढ़ाभाइ, दुर्गा नन्द झा, डा गणेश कांत झा, डा उदय कांत मिश्र, आशीष चौधरी, दिनेश झा, नवल किशोर झा, सुशील सुमन, मनीष कुमार झा, चौधरी फूलकुमार राय, रामाज्ञा झा, पंकज कुमार ठाकुर आदि ने भी अपने विचार रखे। सभी ने एकस्वर में संस्थान के इस आयोजन से समग्र समाज को जोड़ने के प्रति संकल्प लिया।