#MNN@24X7 दरभंगा, बिहार में बीते साल 2 अक्टूबर से जारी जन सुराज पदयात्रा 29 नवंबर को मधुबनी जिले के बिस्फी प्रखंड से दरभंगा जिले में प्रवेश कर रही है। जन सुराज पदयात्रा बिस्फी प्रखण्ड से 29 नवंबर को दोपहर 1 बजे केवटी प्रखंड की केवटी पंचायत के बनवारी पट्टी गांव में प्रवेश करेगी। इसके बाद पदयात्रा केवटी रनवे के रास्ते आगे बढ़ेगी। जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर के आगमन एवं पदयात्रा को लेकर तैयारियां जोरों से चल रही हैं। प्रशांत किशोर की पदयात्रा को लेकर क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह दिख रहा है। प्रशांत किशोर की पदयात्रा का स्वागत करने के लिए ज़िले से लोग शामिल होंगे।

दरभंगा के जमीनी मुद्दों पर युवा-महिलाओं एवं किसानों से करेंगे बातचीत।

जन सुराज पदयात्रा के सूत्रधार प्रशांत किशोर लगातार पदयात्रा के माध्यम से बिहार की बदहाली पर हमलावर हैं साथ ही विकसित बिहार की परिकल्पना कर रहे हैं। दरभंगा जिले में प्रवेश करने के बाद प्रशांत किशोर पदयात्रा के माध्यम से बिहार एवं दरभंगा के मुद्दों पर युवा, महिलाओं एवं किसानों से संवाद करेंगे। वे लोगों को यह भी बता रहे हैं कि लोगों ने उनका साथ दिया तो वे बिहार को देश के 10 अग्रणी राज्यों में शामिल करा सकते हैं।

पदयात्रा का 12वां ज़िला होगा दरभंगा

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की पदयात्रा के भव्य स्वागत की तैयारी की जा चुकी है। स्वागत को लेकर मधुबनी से सटे केवटी ब्लाक के पास ज़िले के बार्डर को पोस्टर से सजाया जा रहा है। प्रशांत किशोर की ये पदयात्रा 11 जिलों से होते हुए 12वें जिले दरभंगा में प्रवेश करेगी। प्रशांत किशोर ने बीते साल 2 अक्टूबर को गांधी भितहरवा आश्रम पश्चिमी चंपारण से पदयात्रा शुरू कर पूर्वी चंपारण, शिवहर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, मुज़फ़्फ़रपुर, सीतामढ़ी, मधुबनी के बिफ्सी प्रखंड से होते हुए दरभंगा के केवटी ब्लॉक से ज़िले में प्रवेश करेंगे।