Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, शनिवार। हराही पोखर के समीप स्थित बहुद्देशीय भवन में आयोजित ‘अष्टदल’ महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार की शाम गजल के सुरों से सराबोर रही। कार्यक्रम में ‘शाम-ए-गजल’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि म्यूजिक एंड ड्रामेस्टिक डिपार्टमेंट के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. वेदप्रकाश एवं गीत एवं नाटक प्रभाग के वरीय कलाकार मनीष खंडेलवाल थे। आयोजन की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के सम्मान के साथ हुई।

इसके बाद फिल्म कलाकार एवं गजल गायक दिवाकर कुमार झा, गजल गायक गौरव राय, गजल गायिका सुश्री सिद्धिशक्ति तथा गजल गायक सुनील नारायण ने एक से बढ़कर एक गजल प्रस्तुत कर महफिल को जीवंत बना दिया। उनकी सुरीली आवाज और भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं तबला वादक हर्ष चौधरी ने अपनी संगत से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

महोत्सव के संयोजक एवं ‘दि स्पॉटलाइट थिएटर’ के संचालक सागर सिंह ने बताया कि विश्व रंगमंच दिवस से हिंदी रंगमंच दिवस तक चलने वाले इस आठ दिवसीय महोत्सव का यह दूसरा दिन था। उन्होंने जानकारी दी कि रविवार को अपराह्न 4 बजे कवि गोष्ठी तथा सायं 6 बजे दोनार स्थित परिसर में इच्छापूर्ति संस्था द्वारा ‘द्वंद्व’ नाटक का मंचन किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि इस महोत्सव में देशभर के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुति देने के लिए दरभंगा पहुंचेंगे। कार्यक्रम के सफल संचालन में अमन सिंह, शिवम् शांडिल्य, सत्यम शब्दवर्धन, नेहा कुमारी, हर्षित कुमार, आर्यन, विशाल, किसुन, संध्या एवं नीलेश सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य लोग, मीडियाकर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय दर्शक उपस्थित रहे।