Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा। मब्बी थाना क्षेत्र के बाजार समिति चौक के समीप बुधवार की अहले सुबह भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, एक ही बाइक पर सवार चार युवक बाजार समिति चौक होते हुए शिशो पश्चिमी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

घायल की पहचान लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज मोहल्ला निवासी मो. जिलानी के 16 वर्षीय पुत्र मो. तलफ के रूप में हुई है। मब्बी पुलिस ने घायल को तत्काल दिल्ली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए शहर के दूसरे अस्पताल ले गए। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।

फिलहाल मब्बी थाना की पुलिस मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अज्ञात वाहन की तलाश भी की जा रही है।