Breaking News

maithilinewsnetwork
मुजफ्फरपुर: जिले में रविवार की सुबह बैंक में सेंधमारी कर चोरी करने गए एक शातिर को स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने दबोच लिया. इस दौरान लोगों ने बदमाश की जमकर पिटाई कर दी. पुलिस मूकदर्शक बनी रही. पिटाई के बाद पुलिस बदमाश को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है. दरअसल घटना कुढनी थाना के समीप की है. जहां थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित इंडियन बैंक के कुढनी शाखा में पीछे से दीवाल में सेंधमारी कर बदमाश बैंक में दाखिल हुए.

इस बात की भनक कुढनी पुलिस को लग गयी. पुलिस ने चारों तरह से घेराबंदी कर एक बदमाश को दबोच लिया. मौके पर लोगों की भीड़ काफी संख्या में जुट गयी. बैंक से थाने ले जाने के क्रम में भीड़ ने बदमाश की जमकर पिटाई कर दी. काफी मस्कत के बाद पुलिस ने भीड़ से निकालकर बदमाश को थाने ले गयी. जहां पूछताछ जारी है. पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए बदमाश मोतिहारी जिले का रहने वाला बताया गया है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि रविवार को बैंक बंद था. इसी का फायदा उठाकर बदमाश इस घटना को अंजाम दे रहा था. हालांकि समय रहते लोगों से इसकी सूचना पुलिस को दी. इधर मौके पर पहुंचे डीएसपी पश्चिमी अभिषेक आनंद ने बताया कि सूचना मिली थी कि दीवाल में सेंधमारी कर कुछ बदमाश बैंक में घुसे है. बैंक की घेरा बंदी कर एक बदमाश को गिरफ्तार किया गया है.

डीएसपी ने बताया कि मौके से दीवाल काटने की कई मशीन भी बरामद हुए हैं. बैंक के लॉकर को तोड़ने का प्रयास किया गया है. हालांकि विफल रहा. बैंक में रखे सारा कैश सुरक्षित है. उन्होंने बताया कि बैंक में लगे सीसीटीवी को भी खंगाला जा रहा है. साथ ही मोबाइल का भी कॉल डिटेल चेक किया जा रहा है. इस मामले में जो भी शामिल होंगे, उनको जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा.